नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 अक्टूबर को एक महिला पर उसी के घर में घुसकर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उस महिला पर पड़ोसी ने ही हमला किया है। जो महिला से दोस्ती को आगे बढ़ाना चाहता था। लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं थी। घायल महिला को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके शरीर पर चाकू के कई जख्म हैं। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यह वारदात दिन में 11:00 बजे के आसपास हुई है।
पुलिस के मुताबिक 11:30 बजे इस वारदात के बारे में पुलिस को सूचना मिली थी। बताया गया था कि 30 साल की महिला को घायल हालत में भर्ती कराया गया है। जिस आरोपित ने महिला पर हमला किया है, उसकी पहचान 36 साल के रविंद्र उर्फ गोल्डी के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज करके आरोपित रविंद्र सिंह उर्फ गोल्डी को गिरफ्तार कर लिया है। जिस हथियार से उसने महिला पर हमला किया था उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
आगे की छानबीन में पता चला कि घायल महिला अपने परिवार वालों के साथ इस इलाके में करीब 2 साल पहले रहने आई थी। आरोपित भी इस इलाके में पहले से रहता है। एक ही कॉलोनी में रहने के दौरान उनकी जान पहचान हुई। लेकिन महिला ने आरोपित से बातचीत आगे नहीं बढ़ाई, उसे इग्नोर करना शुरू कर दिया। हालांकि उस मामले को लेकर महिला के द्वारा पुलिस में कोई शिकायत नहीं कराई गई की उसका पड़ोसी उसे परेशान करता है। सोमवार दिन में आरोपित महिला के घर में घुसा और उसपर चाकू से हमला कर दिया, आगे की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपित रविंद्र महिला से दोस्ती आगे बढ़ना चाहता था। लेकिन महिला की तरफ से रिस्पांस नहीं मिलने के कारण वह लगातार गुस्से में आता चला गया। उसी का बदला लेने के लिए महिला पर जानलेवा हमला करके उसकी हत्या करने की कोशिश की।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
