Maharashtra

महाराष्ट्र में एनडीए मुख्यमंत्री शिंदे के नेतृत्व में लड़ेगा विधानसभा चुनाव

मुंबई, 06 सितंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़ेगा। चुनाव बाद भाजपा का केंद्रीय पार्लियामेंटरी बोर्ड महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के बाबत निर्णय लेगा। इस तरह की जानकारी शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी है।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अजीत पवार की राकांपा का भाजपा के साथ राजनीतिक गठबंधन है, जो बाद में नैसर्गिक गठबंधन हो जाएगा। जबकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के साथ भाजपा का नैसर्गिक गठबंधन है। तीनों दलों के साथ अन्य सहयोगी दल विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक विधायक चुन कर लाने का प्रयास करेंगे। लेकिन मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव बाद दिल्ली से ही होगा।

इसी मुद्दे पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि हम टीम वर्क की तरह जनहित का काम कर रहे हैं। राज्य का विकास, जनता को न्याय, हमारा काम है। लोग हमारे काम को पसंद कर रहे हैं और हमें ही चुन कर लाएंगे। एकनाथ शिंदे ने कहा कि इसमें किसी को पेट में दर्द नहीं होना चाहिए। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने आज गढ़चिरौली जिले में कहा कि उन्होंने अभी भी सेकूलर एजेंडा छोड़ा नहीं है। लेकिन वे आगामी चुनाव एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेंगे। एनडीए गठबंधन में हमारा प्रयास रहेगा की एनडीए गठबंधन अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव जीतें। चुनाव बाद मुख्यमंत्री पद का निर्र्णय भाजपा का केंद्रीय पार्लियामेंटरी बोर्ड करेगा। इस तरह भाजपा नीत एनडीए गठबंधन के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद का निर्णय केंद्रीय पार्लियामेंटरी बोर्ड पर छोड़ दिया है।

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top