
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 02 से 11 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के 10 दिवसीय राष्ट्रव्यापी उत्सव का नेतृत्व किया। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के बैनर तले इस विशेष 10 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया।
एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि देशभर में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने समुदायों और हितधारकों को लड़कियों के अधिकारों, उनके सामने आने वाली चुनौतियों की समझ बढ़ाने और उनकी शिक्षा व सशक्तीकरण का समर्थन करने वाली पहल को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों को चर्चा में शामिल किया। गतिविधियों में वृक्षारोपण अभियान, मेधावी स्कूल जाने वाली लड़कियों का सम्मान, सेल्फी विद डॉटर्स अभियान, कन्या पूजन समारोह, स्वास्थ्य शिविर, सेमिनार और खेल कार्यक्रम शामिल हैं।
उदाहरण के तौर पर बेटियों के जन्म और महत्व को मनाने के लिए मध्य प्रदेश में कन्या पूजन और बेटी जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। इन पहलों का उद्देश्य लड़कियों का सम्मान करना और समाज में उनके जीवन के मूल्य को बढ़ावा देना है। उत्तर प्रदेश में भी कन्या पूजन, खेल आयोजन, बेटी जन्मोत्सव और मेधावी छात्रों के सम्मान सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।
—————
(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा
