Sports

राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग: हॉकी मध्य प्रदेश, हरियाणा और मिजोरम ने दर्ज की जीत

राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग

रांची, 21 मार्च (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग 2024-25 के फाइनल फेज के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिसमें हॉकी मध्य प्रदेश, हॉकी हरियाणा और हॉकी मिजोरम ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज की।

हॉकी मध्य प्रदेश ने ओडिशा को 1-0 से हराया

दिन के पहले मुकाबले में हॉकी मध्य प्रदेश ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को 1-0 से शिकस्त दी। मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धी रहा, जहां दोनों टीमों ने कड़ा संघर्ष किया। हालांकि, 42वें मिनट में स्नेहा पटेल ने शानदार गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिलाई, जो अंत तक बरकरार रही। इस जीत के साथ हॉकी मध्य प्रदेश ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और पूल ए में तीसरे स्थान पर पहुंच गई।

हॉकी हरियाणा ने बंगाल को 2-0 से दी मात

दूसरे मुकाबले में हॉकी हरियाणा ने हॉकी बंगाल को 2-0 से हराया। हरियाणा की टीम ने पूरे मैच में शानदार खेल दिखाया और 52वें मिनट में सेजल तथा 59वें मिनट में सुप्रिया ने गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई। यह हॉकी हरियाणा की लगातार तीसरी जीत रही, जिससे उन्होंने पूल स्टैंडिंग में शीर्ष स्थान बरकरार रखा।

हॉकी मिजोरम ने मणिपुर हॉकी को 4-0 से हराया

तीसरे मुकाबले में हॉकी मिजोरम ने मणिपुर हॉकी पर 4-0 की बड़ी जीत दर्ज की। 27वें मिनट में वानलालरिनह्लुई, 29वें मिनट में बी. लालरिनपुई, 40वें मिनट में मंगलॉमसांग और 60वें मिनट में के. वानलालपेकी ने गोल कर टीम को शानदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ हॉकी मिजोरम पूल ए की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।

तीसरे दिन के मुकाबलों के बाद लीग का रोमांच और बढ़ गया है। आगामी मैचों में टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top