Sports

राष्ट्रीय खेल: उत्तराखंड के नीरज जोशी ने वूशु में जीता रजत पदक

उत्तराखंड के वूशु  खिलाड़ी नीरज जोशी

हल्द्वानी के खिलाड़ी ने संघर्षों को दी मात, प्रदेश का नाम किया रोशन

देहरादून, 4 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। विशेष रूप से वूशु प्रतियोगिता में हल्द्वानी के नीरज जोशी ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। नीरज का सफर संघर्षों से भरा रहा, लेकिन अपनी मेहनत और उत्तराखंड सरकार की खेल नीतियों से प्रेरित होकर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

संघर्षों से भरा रहा सफर

हल्द्वानी निवासी नीरज जोशी के पिता राजेश बल्लभ जोशी एक किसान हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे को खेल के प्रति प्रेरित किया। पिछले आठ वर्षों से देहरादून में रहकर प्रशिक्षण ले रहे नीरज को आर्थिक तंगी और चोटों का सामना करना पड़ा।

वर्ष 2022 में पैर की हड्डी टूटने के कारण उन्हें खेल से दूरी बनानी पड़ी थी। इस दौरान उन्होंने खेल छोड़ने तक का विचार किया, लेकिन परिवार और कोच के सहयोग से उन्होंने फिर से वापसी की। वर्ष 2023 में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी फिटनेस और खेल कौशल को साबित किया। हालांकि, गोवा में हुए राष्ट्रीय खेल 2023 में खेल सुविधाओं के अभाव में वह केवल पांचवें स्थान पर रहे।

सरकार की योजनाओं से मिली प्रेरणा

नीरज जोशी ने अपनी सफलता का श्रेय उत्तराखंड सरकार की खेल नीति को दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरी देने की राज्य सरकार की घोषणा से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है। इन प्रोत्साहनों ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और इस बार उन्होंने वूशु स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

उत्तराखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के कई खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। वूशु में नीरज जोशी का रजत पदक इस सूची में खास स्थान रखता है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है।

नीरज ने कहा, प्रदेश सरकार की प्रोत्साहन नीति से खिलाड़ियों को नई दिशा मिली है। इससे आने वाली पीढ़ी भी खेलों की ओर आकर्षित होगी और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

नीरज जोशी की इस सफलता से प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और राज्य के खेल क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Most Popular

To Top