
झांसी, 10 अप्रैल (Udaipur Kiran) । 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के सातवें दिन हॉकी मध्य प्रदेश और हॉकी कर्नाटक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
दिन के पहले मुकाबले में हॉकी मध्य प्रदेश ने हॉकी पंजाब को 3-2 से हराया। मुकाबले की शुरुआत में ही कप्तान यूसुफ अफ्फान ने चौथे मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद मोहित कर्मा (18’) और सद्दाम अहमद (45’) ने एक-एक गोल कर मध्य प्रदेश को तीन क्वार्टर तक मजबूत स्थिति में ला दिया। हालांकि अंतिम क्वार्टर में पंजाब ने वापसी की कोशिश की, जिसमें अराइजीत सिंह हुंदल (54’) और गुरसाहिबजीत सिंह (56’) ने गोल किए, लेकिन वे जीत के लिए पर्याप्त नहीं रहे। इस जीत के साथ हॉकी मध्य प्रदेश पूल ए में शीर्ष स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है।
दूसरे मुकाबले में हॉकी कर्नाटक ने ले पुदुचेरी हॉकी को रोमांचक अंदाज में 3-2 से हराया। कप्तान मोहम्मद रहील ने 12वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन टी. अरुण कुमार (27’) और पी. महेन्द्रन (37’) ने पुदुचेरी के लिए खेल को पलटते हुए बढ़त बना ली। अंतिम समय में शेषे गौड़ा बीएम (58’, 60’) ने दो शानदार गोल करते हुए न केवल स्कोर बराबर किया, बल्कि अंतिम क्षणों में विजयी गोल दागकर कर्नाटक को जीत दिला दी।
—————
(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय
