Sports

राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप: छठे दिन चंडीगढ़, तेलंगाना, दिल्ली, केरल और पंजाब ने जीते मुकाबले

15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप

झांसी, 09 अप्रैल (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के झांसी में चल रही 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के छठे दिन रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी रहा। डिवीजन बी में हॉकी चंडीगढ़, तेलंगाना हॉकी, दिल्ली हॉकी और केरल हॉकी ने शानदार जीत दर्ज की, वहीं डिवीजन ए में हॉकी पंजाब ने कड़े मुकाबले में बाजी मारी।

डिवीजन बी के पूल ए में हॉकी चंडीगढ़ ने हॉकी उत्तराखंड को 9-0 से करारी शिकस्त दी। अमनदीप (22’, 32’) और गुरमुख सिंह (30’, 36’) ने दो-दो गोल किए, जबकि अंकुश (13’), इंदरपाल सिंह (24’), सुनील (35’), दीपक (37’) और मोहित (41’) ने भी गोल दागे।

इसी पूल में तेलंगाना हॉकी ने हॉकी आंध्र प्रदेश को 8-2 से हराया। अयप्पा पी. आर. (6’, 20’, 31’, 52’) ने चार गोल कर टीम को बड़ी बढ़त दिलाई। उनके अलावा वेंकटेश तेलुगु (3’, 55’), रोहित सिंह (9’) और राम कुमार वेत्ति (11’) ने भी स्कोर किया। आंध्र प्रदेश के लिए संदीप कुमार रागिपाटी (13’) और वेणु गोरेला गोपाल (50’) ने गोल किए।

पूल बी में दिल्ली हॉकी ने असम हॉकी को 6-4 से हराया। गोविंद सिंह बिष्ट (8’, 30’) और योगेम्बर रावत (20’, 48’) ने दो-दो गोल किए, जबकि प्रदीप (15’) और अमित (60’) ने भी योगदान दिया।

केरल हॉकी ने दादरा नगर हवेली और दमन दीव हॉकी को 4-1 से हराया। शहानुल हफास (18’, 38’, 55’) ने हैट्रिक लगाई, जबकि साधिक टी.के. (31’) ने भी एक गोल किया।

डिवीजन ए में हॉकी पंजाब ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को 3-2 से हराया। पंजाब के लिए जुगराज सिंह (16’), अराइजीत सिंह हुंदल (48’) और प्रदीप सिंह (55’) ने गोल किए। ओडिशा के लिए कप्तान अमित रोहिदास (37’) और मतीयस डांग (51’) ने गोल दागे।

वहीं, मनिपुर हॉकी और हॉकी कर्नाटका के बीच मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top