



– मप्र के खिलाडियों ने 28 स्वर्ण, 19 रजत और 22 कांस्य के साथ अब तक आर्जित किये कुल 69 पदक, पदक तालिका में चौथे स्थान पर बरकरार
भोपाल, 12 फरवरी (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड नेशनल गेम्स 2025 में बुधवार को मध्य प्रदेश के खिलाडियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए एक स्वर्ण समेत कुल छह पदक अर्जित किए। इनमें मलखम्ब में एक स्वर्ण व दो कांस्य, कैनोइंग में एक रजत, रेसलिंग में एक कांस्य और एथलेटिक्स में एक कांस्य पदक शामिल है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने अब तक 28 स्वर्ण, 19 रजत और 22 कांस्य के साथ कुल 69 पदक आर्जित किये हैं। मप्र 69 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर बरकरार है।
नेशनल गेम्स 2025 में बुधवार को खेले गए मुकाबले में मलखम्ब टीम पुरुष चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की पुरुष टीम के खिलाडी देवेन्द्र पाटीदार, कुन्दन कछावा, प्रणीत यादव, प्रणव कोरी, यतिन कोरी और युवराज घडके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मलखम्ब में ही एपरेटस – रोप, व्यक्तिगत महिला वर्ग मे मध्य प्रदेश की सिद्धि गुप्ता को कड़ी टक्कर के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, मलखम्ब एपरेटस – हैंगिंग, व्यक्तिगत पुरुष वर्ग मे मध्य प्रदेश के देवेन्द्र पाटीदार ने कांस्य पदक अर्जित किया।
मलखम्ब में मध्य प्रदेश के खिलाडियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों वर्ग की सीनियर टीम चैंपियनशिप प्रतियोगिता में पहली बार स्वर्ण पदक आर्जित किया है। यह मध्य प्रदेश के लिए एक स्वर्णिम उपलब्धि है।
वहीं, कैनोइंग विमेंस स्प्रिंट के-2, 500 मीटर महिला वर्ग प्रतियोगिया में मध्य प्रदेश की डैली बिश्नोई और मनस्वानी स्वाईं की टीम ने, 1:58.037 मिनट का समय निकल कर रजत पदक अपने नाम किया। वह मात्र 1.667 सेकंड से उत्तराखंड (समय – 1:56.370) की टीम के खिलाफ स्वर्ण पदक चुक गयीं। इसी तरह एथलेटिक्स 5000 मी. रन, व्यक्तिगत पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के सुनील दावार ने 14:01.03 का समय निकल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। वह मात्र 1.03 सेकंड से रजत पदक से चुक गए। वहीं, रेसलिंग 77 किग्रा ग्रीको रोमन व्यक्तिगत पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के औरंगजेब को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
अन्य परिणाम
हॉकी महिला वर्ग: मध्य प्रदेश की टीम ने महाराष्ट्र की टीम को सेमी-फाइनल मैच में कड़े मुकाबले के बाद 4-1 से परास्त कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। गुरुवार क हरियाणा की टीम से स्वर्ण पदक का मुकाबला है। रेसलिंग 53 किग्रा व्यक्तिगत महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की पूजा जाट उत्तर प्रदेश की जुलाई को सेमी-फाइनल मैच में 4-1 से हरा कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। वहीं, शूटिंग की स्कीट व्यक्तिगत पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के रितुराज सिंह बुंदेला ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
कल के महत्वपूर्ण मुकाबले
मध्य प्रदेश के खिलाड़ी कल जूडो, कुश्ती, मोर्डन पेटाथलॉन, महिला हॉकी, कयाकिंग एवं कैनोइंग और मलखंभ में पदक के लिए जोर अजमाइश करेंगे। कल पांच स्वर्ण पदक के लिए मध्य प्रदेश के खिलाडी अपनी दावेदारी प्रस्तुत करेंगे।
खेल मंत्री की शुभकामनाएं
मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी पदक विजेता खिलाडियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाडियों द्वारा किये गए शानदार प्रदर्शन की तारीफ की है। मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, सचिव दिग्विजय सिंह और खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता ने भी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।
(Udaipur Kiran) तोमर
