RAJASTHAN

रोज़ी रोटी अधिकार अभियान का राष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज़

रोज़ी रोटी अधिकार अभियान का राष्ट्रीय सम्मेलन का आगाज़

जयपुर, 24 मई (Udaipur Kiran) । रोज़ी रोटी अधिकार अभियान का 8वां तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शनिवार को ‘रोज़ी रोटी का हक हमारा, लोकतंत्र मजबूत हमारा’ संदेश के साथ प्रारंभ हुआ। डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी के प्रांगण में प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय, कवीता श्रीवास्तव, आयशा, गंगा भाई आदि ने देशभर से आए विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच संविधान की उद्देशिका का वाचन कर सम्मेलन का आगाज़ किया।

इसके बाद आयोजित उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए अरुणा रॉय ने कहा कि जनता को मिलने वाला भोजन व अन्य सुविधाएं फ्रीबीज़ नहीं हैं, ये हर नागरिक का अधिकार है जो संविधान ने दिया है। भोजन का अधिकार मूलभूत जरूरत है। उन्होंने कहा कि हंगर इंडेक्स में भारत का 105वें स्थान पर होना शर्मनाक है। उन्होंने वर्तमान समय को देखते हुए खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मिलने वाली खाद्य सामग्री की मात्रा बढ़ाए जाने व इसमें सभी प्रकार के अनाजों को शामिल करने की बात कही। सम्मेलन संयोजक कविता श्रीवास्तव ने अभियान की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2000 में राजस्थान में गठित अकाल संघर्ष समिति से रोज़ी रोटी अधिकार अभियान की नींव पड़ी जिसमें बाद में कई संगठन व सामाजिक कार्यकर्ता जुड़े। इस अवसर पर अभियान से जुड़े रहे देश व राज्य के दिवंगत कार्यकर्ताओं को भी याद किया गया। सम्मेलन में संयुक्त किसान मोर्चा पंजाब के प्रतिनिधि हरिंदर बिंदु, महाराष्ट्र के जनआन्दोलन के नेतृत्व उल्का महाजन, NCPRI की कन्वीनर अंजलि भारद्वाज, स्कॉलर नवशरण सिंह, ज्यॉ द्रेज़ जैसे शोधकर्ता, सैयदा हमीद, निखिल डे, हर्ष मंदर, शोधकर्ता दीपा सिन्हा, साहू पटोले (खाद्य संस्कृति लेखक) सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top