Madhya Pradesh

भोपाल में हिंदू छात्राओं से दुष्कर्म के मामले की जांच करेगी राष्ट्रीय महिला आयोग की समिति

दुष्कर्म (प्रतीकात्मक तस्वीर)

भोपाल, 29 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुस्लिम युवकों द्वारा कई हिंदू छात्राओं से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग ने समिति गठित कर दी है। आयोग ने मंगलवार को मामले को लेकर चिंता जताई है और पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने की बात कही है।

आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को उन्होंने जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति तीन से पांच मई के बीच भोपाल का दौरा करेगी।

समिति पूरे मामले की जानकारी लेकर विस्तृत रिपोर्ट आयोग को सौंपेगी। झारखंड की पूर्व डीजीपी निर्मल कौर को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। हाई कोर्ट जबलपुर की अधिवक्ता निर्मला नायक और आयोग के अवर सचिव आशुतोष पांडेय को जांच समिति का सदस्य बनाया गया है।

बता दें कि भोपाल के टीआईटी कॉलेज में छात्राओं को प्रेमजाल में फंसाकर आरोपियों ने दुष्कर्म के वीडियो बनाकर पीड़ित छात्राओं को ब्लैकमेल भी किया। उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज है। कुछ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। समिति के पदाधिकारी संबंधित अधिकारियों, पीड़ित छात्राओं, उनके परिजन और संबंधित लोगों से मिलकर पूरी वारदात को जानेंगे। उसके साथ ही ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं हों और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए सुझाव देगी।

छात्राओं से दुष्कर्म और ब्लैकमेल के मामले में संगठित गिरोह का मास्टरमाइंड फरहान खान अपने साथियों के साथ तीन साल से इस घिनौने खेल को अंजाम दे रहा था। जांच में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, जो पुलिस और समाज को चौंका रहे हैं। फरहान और उसके छह साथी छात्राओं को निशाना बनाते थे। उनके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो की तलाश जारी है। पिपलानी पुलिस ने एक रेस्टोरेंट को बंद कराया, जहां यह गिरोह मिलता था। इसके मालिक पर फंडिंग का संदेह जताया है।

फरहान खान टीआईटी कॉलेज में पढ़ाई करता था। छात्राओं से दोस्ती कर उन्हें अपने झूठे प्रेमजाल में फंसाता था। उसके बाद वह उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता। इस दौरान गुपचुप तरीके से वीडियो रिकॉर्ड करता। उसके दोस्त अबरार और अली छात्राओं के साथ यौन संबंध बनाने की होड़ में शामिल थे। फरहान अपनी पीड़िताओं को ब्लैकमेल कर उनकी सहेलियों और बहनों को भी जाल में फंसाने के लिए मजबूर करता था। पुलिस को फरहान के मोबाइल से छह अश्लील वीडियो मिले हैं, जिनमें कुछ पीड़िताएं वीडियो बनाने का विरोध करती दिख रही हैं। इस दौरान वह धार्मिक नारों के साथ यौन क्रूरता करता दिखता है।

जांच में शामिल अधिकारियों ने बताया कि वीडियो देखकर उनकी रोंगटे खड़े हो गए हैं। फरहान अपने रिश्तेदार हमीद के जहांगीराबाद स्थित घर पर छात्राओं को ले जाता था। हमीद ने पिछले साल आत्महत्या कर ली थी। जहांगीराबाद पुलिस इसकी जांच कर रही है। वीडियो में साफ दिखता है कि फरहान छिपे हुए कैमरे से रिकॉर्डिंग करता था। पीड़िताएं इसका विरोध करती थीं। सोमवार को गिरफ्तार चौथे आरोपी अली के मोबाइल में एक पीड़िता की छोटी बहन के अश्लील फोटो मिले, जो इंदौर में फरहान के दुष्कर्म की शिकार थी। अली के खिलाफ ऐशबाग थाने में मारपीट का मामला भी दर्ज है।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि बिहार निवासी अबरार और पश्चिम बंगाल निवासी नबील अश्लील वीडियो बेचने की योजना बनाते थे। फरहान से वे वीडियो मांगते थे। फरहान कहता था कि समय आने पर दूंगा। ये दोनों छात्राओं को पार्टी के बहाने फरहान के साथ छोड़ देते थे। उन्हें नशा देने की जिम्मेदारी भी इन्हीं की थी। पुलिस इन दोनों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पिपलानी पुलिस ने मंगलवार को टीआईटी कॉलेज के पास एक रेस्टोरेंट को बंद करा दिया, जहां फरहान और उसका गिरोह छात्राओं को लेकर जाता था। पुलिस को संदेह है कि रेस्टोरेंट का मालिक इस गिरोह को फंडिंग कर रहा था। पुलिस ने मालिक से पूछताछ की तैयारी शुरू कर दी है। इस रेस्टोरेंट में गिरोह के सदस्य नियमित रूप से मिलते थे। अपनी योजनाएं बनाते थे।

पुलिस उपायुक्त प्रियंका शुक्ला ने बताया कि फरहान और उसका गिरोह तीन साल से सक्रिय था। अब तक चार आरोपी फरहान, साहिल, मोहम्मद साद और अली गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अबरार और नबील फरार हैं। पुलिस ने पांच थानों में पांच मामले दर्ज किए हैं, जिनमें रेप, अपहरण, पॉक्सो, और धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।

पुलिस कमिश्नर हरीनारायणचारी मिश्र ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी पीड़िताओं की संख्या और अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top