
कोलकाता, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran) ।
ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट नारायण जैन ने भारत के महान उद्योगपति और पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। जैन ने कहा है, उनकी असाधारण दूरदर्शिता, मानवीय दृष्टिकोण और देश के विकास के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रतन टाटा के नेतृत्व में टाटा समूह ने वैश्विक स्तर पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं, जिनमें टाटा टी, कोरस स्टील, और जगुआर-लैंड रोवर जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों का अधिग्रहण शामिल है। उनके द्वारा बनाए गए सामाजिक और शैक्षिक कार्यक्रमों ने लाखों लोगों की ज़िंदगियों को प्रभावित किया है।
संगठन के महासचिव आरडी काकरा और एआईएफटीपी की टीम ने भी रतन टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य प्रमुख नेताओं ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने की घोषणा की है।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
