Uttar Pradesh

भाजपा मूल्यों और आदर्शों की राजनीति करने वाला एकमात्र दल : नन्दी

सम्बोधित करते नन्दी

प्रयागराज, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने एक सितम्बर से प्रारम्भ हो रहे भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी सदस्यता अभियान के क्रम में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में कहा कि भाजपा मूल्यों और आदर्शों की राजनीति करने वाला एकमात्र दल है। इसके पूर्व अपने विधानसभा क्षेत्र के हेला बस्ती तुलसीपुर प्रथम चौक मंडल में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी मन की बात कार्यक्रम के 113वें संस्करण को सुना।

मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री के ओजस्वी व प्रेरणादायी विचार सदैव नई ऊर्जा का संचार करते हैं। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भारत में स्पेस टेक्नोलॉजी, तिरंगा यात्रा, एक लाख युवाओं को पॉलिटिकल सिस्टम से जोड़ने के साथ-साथ श्रीअन्न को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री द्वारा किए गए आह्वान एक पेड़ माँ के नाम मुहीम का हिस्सा बने तथा धरती माँ को पवित्र व स्वच्छ बनाएं। इसके साथ ही 1 से 30 सितम्बर तक मनायें जाने वाले पोषण माह में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अपने क्षेत्र में पोषण के प्रति जागरूकता वाले इस अभियान से अवश्य जुड़ें। पिछले वर्ष पोषण अभियान को नई शिक्षा नीति से भी जोड़ा गया था। बच्चों का पोषण देश की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और नीतियों ने 21वीं सदी में भारत को एक सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने की नींव को सुदृढ़ किया है। उनका विजन हर भारतीय को प्रेरित करता है, और उनके प्रयासों से देश हर क्षेत्र में नए आयाम छू रहा है।

नन्दी ने सदस्यता अभियान कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए कार्यकर्ताओं को अभियान की नीति-रीति से अवगत कराया एवं अभियान के दौरान अधिक से अधिक सदस्यता कराने का आह्वान किया। भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान की प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। इस दौरान नन्दी ने पार्टी पदाधिकारियों को सदस्यता महाअभियान में सम्पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने व रिकॉर्ड सदस्यों को जोड़ने के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित किया।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सदस्यता अभियान के अंतर्गत भाजपा प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने के लक्ष्य से आगे बढ़ रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए देश प्रथम है। इस अभियान का उद्देश्य पार्टी की सदस्य संख्या बढ़ाने के साथ साथ प्रदेश और देश के विकास में हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। नन्दी ने उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सदस्यता महाअभियान में सम्पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने व रिकॉर्ड सदस्यों को जोड़ने के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी झल्लर, चौक मंडल अध्यक्ष सुमित वैश्य, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष किशोरी लाल जायसवाल, कीडगंज मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र मिश्रा, नवरत्न कत्याल, रामजी केसरवानी, नीरज टंडन, मनमोहन मिश्रा, शिवमोहन दास गुप्ता, अनूप मिश्रा, लता उपाध्याय, धीरज केसरवानी आदि पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र / बृजनंदन यादव

Most Popular

To Top