
– राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री
– लाडवा में एक चौंक का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा
चंडीगढ़, 23 मई (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में एक सरकारी संस्थान का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने तीर्थ स्थल कुरुक्षेत्र और कपाल मोचन में स्थापित कश्यप राजपूत धर्मशालाओं के विस्तार के लिए 21-21 लाख रुपये देने की भी घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना के तहत आयोजित राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर नायब सिंह सैनी ने लाडवा में एक चौंक का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखने तथा लाडवा, कुरुक्षेत्र या इंद्री में कश्यप राजपूत धर्मशाला की स्थापना के लिए फिजिबिलिटी चेक करवा कर प्लॉट उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज द्वारा रखी गई अन्य सभी मांगों की फिजिबिलिटी चेक करवाने के लिए सम्बंधित विभाग को भेजकर इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का कार्य किया जायेगा।
महर्षि कश्यप को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का प्रकाश स्तम्भ बताते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुनिराज कश्यप ने ज्ञान, तप और अनुसंधान से मानव सभ्यता को नई दिशा दी। उन्होंने समाज को नई दिशा देने के लिए स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों की रचना की। ऐसे महान ऋषि का प्रेरणादायक व्यक्तित्व हमेशा मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा।
महर्षि कश्यप को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि कश्यप समाज का इतिहास प्राचीन काल से ही गौरवशाली रहा है। इस समाज ने रामायण काल में निषाद जैसे शक्तिशाली राजा दिए। राजा निषाद ने ही भगवान श्री रामचंद्र जी को वनवास के दौरान आश्रय दिया था। आज़ादी के आंदोलन में भी इस समाज ने सराहनीय भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि इस समाज ने महर्षि कश्यप जी के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलते हुए देश निर्माण में अहम योगदान दिया। इसी संकल्प के तहत आतंकवाद के ठिकानों को ध्वस्त करने का काम किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र, विश्व गुरु और सांस्कृतिक महाशक्ति बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस कार्य में कश्यप समाज की भूमिका निर्णायक रहेगी।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हमारे आदर्श पुरुषों के जो महान विचार और सोच थी वो पूरी मानव जाति के कल्याण के लिए थी। इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, बीजेपी जिला अध्यक्ष तेजिंदर गोल्डी व कश्यप समाज के विभिन्न प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
