गुवाहाटी, 30 मार्च (Udaipur Kiran) । असम के दिवंगत पूर्व गृह मंत्री और असम आंदोलन के प्रमुख नेता भृगु कुमार फुकन की एकमात्र बेटी उपासा फुकन की रविवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना गुवाहाटी के खारघुली इलाके की एक बहुमंजिला इमारत में हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उपासा फुकन ने इमारत की दूसरी मंजिल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। घटना के समय उनकी मां घर पर मौजूद थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब उपासा की मां बर्तन धोने के लिए बाहर निकलीं, तभी उपासा ने छत से छलांग लगा दी।
मां ने तेज आवाज सुनकर दौड़कर देखा और पाया कि उपासा के नाक और मुंह से खून बह रहा था। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे।
शुरुआत में उपासा फुकन में जीवन के कुछ लक्षण दिखे और उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, हालत बिगड़ने पर उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उपासा फुकन, भृगु कुमार फुकन की इकलौती संतान थीं। उनकी रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
(Udaipur Kiran) / देबजानी पतिकर
