
बांदा, 01 जून (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बांदा के प्रेक्षागृह में आयोजित मंडलीय मछुआ सम्मेलन में चित्रकूट मंडल के मछुआ समुदाय को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए मछुआ समाज का समुचित विकास अत्यंत आवश्यक है। बिना मछुआरों के विकास के प्रदेश की अर्थव्यवस्था मज़बूत नहीं हो सकती।
कार्यक्रम में डॉ. निषाद ने प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मत्स्य बीमा योजना, मत्स्य ऋण योजना और अनुदानित प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसी कई लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मत्स्य पालकों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और अपने अधिकारों के लिए संगठित होने का आह्वान किया।
डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद, मल्लाह, बिंद, कश्यप जैसे समुदाय जलाशयों पर सदियों से आश्रित रहे हैं, लेकिन उन्हें उनके हक से वंचित कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब इन समुदायों को ठेकेदार और दलाल संस्कृति से मुक्त कराकर, उनके पुश्तैनी अधिकार वापस दिलाना ही उनका संकल्प है। उन्होंने कहा, अब यह समाज खुद अपने अधिकारों का संचालन करेगा। हमारी नाव अब डूबेगी नहीं, क्योंकि पतवार अब हमारे हाथ में है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना समेत कई राज्यीय योजनाएं मछुआ समाज के लिए आज शक्ति, सुरक्षा और समृद्धि का स्रोत बन रही हैं। उन्होंने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से प्रदान किया जाए।
सम्मेलन में चित्रकूट मंडल के चार जिलों बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा से आए बड़ी संख्या में मत्स्य पालकों ने भाग लिया। मछुआ समुदाय ने विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस मौके पर मंत्री ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
डॉ. निषाद ने दोहराया, बांदा सहित पूरे बुंदेलखंड के मछुआ समाज का पुश्तैनी हक छीन लिया गया है। मेरा एकमात्र लक्ष्य है उन्हें उनका ऐतिहासिक अधिकार दिलाना।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह
