
—दो पहिया चालकों से अनुरोध, सदैव हेलमेट लगाकर वाहन चलाएं
वाराणसी,18 जनवरी (Udaipur Kiran) । सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान में शनिवार को नेहरू युवा केंद्र, माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के स्वयंसेवकों ने सड़क पर उतरकर लोगों को नियमों के पालन का संदेश दिया। स्वयंसेवक युवाओं ने बीएचयू परिसर से लेकर विश्वविद्यालय के लंका स्थित सिंहद्यार तक यातायात नियंत्रण के लिए जागरूकता अभियान चलाया। इसमें ट्रैफिक पुलिस ने भी पूरा सहयोग दिया। नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने दोपहिया चालकों से अनुरोध किया कि वे सदैव हेलमेट लगाकर ही अपना वाहन चलाएं। मोटर साइकिल पर चालक सहित सिर्फ दो लोग ही बैठे। वैन या कार में बैठे सभी यात्री सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। कार्यक्रम समन्वयक प्रो.स्वप्ना मीणा (राष्ट्रीय सेवा योजना) ने बताया कि एनएनएस के स्वयं सेवकों ने भी पूरे उत्साह से इस अभियान में भागीदारी की। यह अभियान 17 जनवरी से प्रारंभ हुआ है। 23 जनवरी तक शहर के विभिन्न चौराहों, स्थानों पर अभियान चलेगा। नेहरू युवा केंद्र के पूर्व नेशनल यूथ वालिंटियर राजेश कुमार विश्वकर्मा ने अभियान में सहयोग करने वाले युवाओं,स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया।
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
