Uttar Pradesh

नगर निगम वाराणसी ने दिसम्बर माह में 250 किग्रा प्रतिबन्धित प्लास्टिक किया जब्त

— 10 हजार से अधिक कपड़े के झोले बांटे,20 हजार से अधिक जुर्माना भी वसूला

वाराणसी,03 जनवरी (Udaipur Kiran) । प्रयागराज महाकुंभ के पूर्व वाराणसी नगर निगम ने प्रतिबन्धित प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) के विरूद्ध अभियान छेड़ दिया है।

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर चल रहे अभियान में नगर निगम टीम को बीते वर्ष के आखिरी माह दिसम्बर में सफलता मिली। नगर निगम के प्रवर्तन दल एवं स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य एवं खाद्य निरीक्षकों की टीम ने दिसम्बर माह में लगभग 250 किलो से अधिक प्रतिबन्धित प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक)जब्त किया। इसका इस्तेमाल करने वाले लोगों से बीस हजार रूपए से अधिक का जुर्माना भी वसूला। शहरी एवं आवासन मंत्रालय के निर्देशन में प्रतिबन्धित प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) को बन्द करने के लिये ‘‘आरंभ 5.0’’ अभियान में जनवरी माह में तेजी लाने के लिए टीम लगातार कार्य कर रही है। इस अभियान में शुक्रवार तीन जनवरी को टीम ने 28 किलो प्रतिबन्धित प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) जब्त किया। इस दौरान 3500 रूपये जुर्माना वसूला गया। नगर आयुक्त ने अपील की है कि कोई भी प्रतिष्ठान एवं व्यापारी प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयेाग एवं बिक्री न करें। अन्यथा कि स्थिति में उनके विरूद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। नगर निगम के जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार प्रतिबन्धित प्लास्टिक के थैले के स्थान पर कपड़े से बने झोले का प्रयोग करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। नगर निगम ने दिसम्बर माह में होप संस्था के सहयोग से 10 हजार से अधिक कपड़े से बने झोले का निःशुल्क वितरण कराया।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top