
जोधपुर, 21 मई (Udaipur Kiran) । श्री वद्र्धमान स्थानकवासी जैन श्रमण संघीय श्रावक संस्थान की ओर से दीक्षा उत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी है। जोधपुर की मुमुक्षु खुशी बोकाडिय़ा जैन और हरियाणा की मुमुक्षु अंशु चौधरी दीक्षा लेंगी। पच्चीस मई को दीक्षा का आयोजन सरदारपुरा स्थित ओसवाल कम्युनिटी हॉल में आयोजित किया जाएगा। दीक्षा के निमित पांच दिवसीय कार्यक्रम बुधवार से सरदारपुरा स्थित महावीर भवन एवं ओसवाल कम्यूनिटी सेंटर में शुरू हो गए है।
संस्थान के अध्यक्ष सुरेश पारख एंव सचिव सुनिल चौरडिया ने बताया कि बुधवार को सुबह दीक्षार्थी बहनों की पाठ बिठाई एवं घी पिलाई का कार्यक्रम हुआ। गुरूवार को केशर छांटना सुबह 9.15 बजे व तुलादान दोपहर दो बजे होगा। शुक्रवार को सुबह मेहंदी का रंग व रक्षा बंधन का कार्यक्रम रखा गया है।
शनिवार 24 मई को सुबह 8.15 बजे वरघोडा निकाला जाएगा। सुबह 11 बजे दीक्षार्थी बहनों का अभिनंदन किया जाएगा। दोपहर दो बजे बडे गीत तथा सांय 7.30 बजे से एक शाम मुमुक्षु बहनों के नाम भक्ति संध्या रखी गई है। रविवार को वीर थाल प्रात 7.15 बजे, पश्चात शोभायात्रा महावीर भवन नेहरू पार्क से रवाना होकर ओसवाल कम्युनिटी सेन्टर में धर्म सभा में परिवर्तित होकर प्रवचन एवं दीक्षा पाठ का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय दीक्षा के कार्यक्रमों में डॉ. संदेश मुनि महाराज, बाल मुनि महाराज, कथन मुनि महाराज, साध्वी डॉ. चंद्रप्रभा महाराज, साध्वी डॉ. सुलोचना महाराज, साध्वी डॉ. सुलक्षणा महाराज, साध्वी सुदर्शना महाराज, साध्वी मणिप्रभा महाराज, साध्वी विनीतरूप प्रज्ञा महाराज, साध्वी लब्धिप्रभा महाराज, साध्वी निधिश्री महाराज, साध्वी मुदितप्रभा महाराज आदि का सानिध्य प्राप्त होगा।
(Udaipur Kiran) / सतीश
