Maharashtra

पहले ही बारिश में मुंबई हुई पानी-पानी

कई इलाके जलमग्न, जन-जीवन अस्त-व्यस्त

Maharashtra, 26 मई (Udaipur Kiran)

पहली बारिश में ही देश की आर्थिक राजधानी पानी-पानी हो गई। रविवार रात से हो रही भारी बारिश से महानगर के कई इलाके जलमग्न हो गए। ट्रेन, सड़क मार्ग, मेट्रो और उड़ाने प्रभावित हुईं। निचले इलाकों में पानी भरने से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कुछ जगहों पर तो कारें पानी में तैरती देखी गई।

जोरदार बारिश का असर सोमवार सुबह से ही नजर आने लगा। दक्षिण मुंबई में सबसे ज्यादा बारिश हुई। नरीमन प्वाइंट इलाके में 252.20 मिमी बारिश दर्ज की गई. मंत्रालय परिसर, कोलाबा के निचले इलाके, मस्जिद बंदर रेलवे स्टेशन, भायखला, जेजे फ्लाईओवर, वर्ली स्थित आचार्य अत्रे चौक के भूमिगत मेट्रो रेलवे स्टेशन में पानी भर गया। इसी तरह केईएम और जेजे अस्पताल की तल मंजिल में पानी भर गया। इससे मरीजों को परेशानियां हुईं. सायन सर्कल, वाडाला, गांधी मार्केट, हिंदमाता जैसे कई निचले इलाकों में पानी भरने से सड़क यातायात प्रभावित हुआ। बेस्ट बसों के मार्ग बदलने पड़े, वडाला और मस्जिद बंदर रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरियों पर पानी भरने से हार्बर लोकल सेवा ठप्प पड़ गई, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी. मुंबई शहर सहित पूर्वी व पश्चिमी उपनगरों में भी मेघ जमकर बरसे। मुंबई के पड़ोसी जिले ठाणे, रायगढ़ और पालघर में बारिश ने उग्र रूप दिखाया।मुंबई की जीवनरेखा माने जाने वाली लोकल ट्रेनों सुबह में 15 से 20 मिनट की देऱी से चली. कुर्ला,भांडुप और विक्रोली जैसे इलाकों में पानी भरने से सड़क यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण कई उड़ानें देर से या डायवर्ट करनी पड़ी।

इस बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मंत्री गिरीश महाजन ने आपदा प्रबंधन का जायजा लिया। उपमुख्यमंत्री शिंदे मुंबई मनपा मुख्यालय पहुंचे और मनपा आयुक्त भूषण गगरानी से चर्चा कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने राज्य के सभी जिलाधिकारियों व मनपा आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए हैं। सभी एजेंसियों को सतर्क रहने कहा गया है। लोगों से अपील की गई है कि यदि जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।

मौसम विभाग की निदेशक शुभांगी भुटे के अनुसार मानसून ने मुंबई, कोकण और पश्चिम महाराष्ट्र सहित राज्य के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है। मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए पहले ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया था। अब मौसमी स्थितियों को देखते हुए मुंबई, ठाणे औऱ पालघर में सोमवार के लिए बारिश का रेड अलर्ट दिया गया है. रायगढ़, सिंधुदुर्ग के लिए सोमवार और मंगलवार के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मुंबई सहित राज्य के कई भागों में अगले तीन-चार दिनों तक बारिश का दौर बरकरार रहेगा।

विपक्ष ने सरकार को घेरा

मुंबई में भारी बारिश के कारण जन-जीवन प्रभावित होने पर मुंबई मनपा और राज्य सरकार की आलोचना की है। शिवसेना (ठाकरे गुट) के विधायक आदित्य ठाकरे सड़क पर उतरे और उन्होंने हिंदमाता पहुंच कर स्थिति की समीक्षा की। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्षहर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और महानगरपालिका प्रशासन के भ्रष्टाचार की गटरगंगा सड़कों पर बहा दी है। हर तरफ पानी ही पानी है।बीएमसी हर साल मुंबई में नाला सफाई और मानसून पूर्व कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन हर साल वही हालत दोहराई जाती है। जनता के पैसों पर ठेकेदार और सत्ताधारी लूट मचा कर अपनी जेबें भरते हैं।इसी कारण मुंबई वासियों की ये हालत होती है।पहलीबारिश ने भ्रष्टाचारी महायुति सरकार की पोल खोल दी है।

सपकाल ने कहा कि मुंबई मनपा ने वर्ष2025-26 के लिए 74,427 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया, जो कि2024-25 के बजट की तुलना में लगभग 14.19% अधिक है। यह बीएमसी के इतिहास का सबसे बड़ा बजट है। इस बजट में सड़कों और ट्रैफिक विभाग के लिए 5,100 करोड़ रुपये तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 5,545 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साल 2014 में नाला सफाई पर 249.27 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि2025 में नाला सफाई और मिठी नदी की गाद निकालने पर 395 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके लिए 31 ठेकेदारों को काम सौंपा गया। इसके बावजूद अगर मुंबई में नाला सफाई नहीं हुई, तो स्पष्ट है कि यह‘हाथ की सफाई’है। मुंबई की तिजोरीयानी जनता के टैक्स के पैसों पर डाका डाला गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top