Maharashtra

मुंबई के मरीजों को मिलेगी आईडी

मुंबई, 1 मई (Udaipur Kiran) । मुंबई महानगरपालिका द्वारा संचालित अस्पतालों में अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस -2) लागू की जाएगी। इसकी शुरुआत शुक्रवार 2 मई से की जाएगी। इस डिजीटल प्रणाली में मरीजों को एक विशिष्ट पहचान संख्या (आईडी) दी जाएगी, जिसमें उनके उपचार की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी।

मनपा आयुक्त भूषण गगरानी के निर्देश पर मनपा के सभी अस्पतालों को आवश्यक कम्प्यूटर, इंटरनेट सुविधाएं और संबंधित उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। यह प्रणाली 2 मई 2025 से 177 अस्पतालों में लागू की जाएगी। इसे 30 मई 2025 तक 217 हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना में लागू किया जाएगा। इस आईडी कार्ड के आधार पर मरीजों को क्लिनिक से अस्पताल और अस्पताल से क्लिनिक रेफर किया जा सकता है। आईडी से उनके इलाज पर नजर ऱखी जा सकेगी।

मरीजों को उनके मोबाइल पर अपने उपचार से संबंधित सभी रिकॉर्ड देखने की सुविधा मिलेगी। एचएमआईएस प्रणाली के माध्यम से रोगी पंजीकरण, मेडिकल अधिकारियों द्वारा जांच, दवा वितरण आदि का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध होगा। इससे पहले मरीजों का रिकॉर्ड कागज पर रखा जाता था। इसे 2 मई से अस्पतालों में लागू किया जाएगा। अगले चरण में इसे प्रसूति अस्पतालों, उपनगरीय अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में भी लागू किया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top