Maharashtra

मुंबई मनपा निजी ठेकेदारों को देगी सफाई काम

मुंबई, 3 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुंबई महानगरपालिका अब महानगर के सभी वार्डों में कचरा निपटाने काम निजी ठेकेदारों को देने की तैयारी कर रही है। मैनपावर से लेकर वाहनों से कचरा ढोने की सेवाएं निजी ठेकेदारों से ली जाएंगी। लगभग 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये के इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही ठेकेदारों का चयन कर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

मुंबई में एकत्रित कचरे को वाहनों में लोड करने और देवनार, कांजुरमार्ग व मुलुंड के डंपिंग ग्राउंड में निपटान करने के लिए नियुक्त ठेकेदारों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद साल 2018 में नए ठेकेदारों का चयन किया गया था। मनपा ने काम को 14 समूहों में बांटकर करीब 1,800 करोड़ रुपये ठेका चयनित ठेकेदारों को दिया था। इसमें कांदिवली, बोरिवली, दहिसर और मुलुंड के लिए वाहन और मैनपावर उपलब्ध कराने के अनुबंध शामिल थे। इन स्थानों पर मनपा के सफाई कर्मियों का कोई हस्तक्षेप नहीं था. सात साल के लिए दिया गया ठेका अब समाप्त हो रहा है। इसलिए नया ठेका देने का निर्णय लिया गया है। कांदिवली, बोरीवली, दहिसर और मुलुंड क्षेत्रों में कचरा संग्रहण सेवाओं की तर्ज पर अब मनपा के शेष प्रशासनिक विभागों में भी ठेकेदारों की नियुक्ति की जाएगी। देवनार, कांजुरमार्ग और मुलुंड में कचरे को डंप किया जाता है।

बीएमसी अधिकारियों के अनुसार कांदिवली, बोरीवली, दहिसर और मुलुंड क्षेत्र में मिली निजीकरण की सफलता के बाद मुंबई के अन्य विभागों में इसे लागू किया जाएगा। कचरा इकट्ठा करने से लेकर उसके निपटान के लिए मैनपावर के साथ वाहनों की सेवाएं निजी ठेकेदारों से ली जाएंगी। कचरा संग्रहण के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। मनपा के वाहन और सफाई कर्मचारी केवल एल विभाग, एम पूर्व विभाग, देवनार और चेंबूर में काम करेंगे। इसके अलावा अन्य सत्रों में मनपा सफाई कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top