गोड्डा, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । कलमबंद हड़ताल को लेकर जिले के तमाम प्रखंड कार्यालय में मुखिया संघ ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने विभिन्न मांगों के संबंध में बुधवार को ज्ञापन सौंपा है। इससे पूर्व तमाम जिले के मुखिया ने बैठक कर इस संबंध में निर्णय करते हुए आंदोलन की रणनीति साझा की थी। इस क्रम में पोड़ैयाहट प्रखंड सभागार में अनूप मुखिया अनुपम भगत की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड सरकार की उपेक्षापूर्ण नीतियों से त्रस्त होकर सभी मुखिया निश्चित तौर पर हड़ताल पर जाएंगे।
ज्ञापन में बताया गया कि झारखंड प्रदेश मुखिया संघ राज्य वित्त आयोग की राशि पंचायतों को देने सहित कई मांगों को लेकर रांची में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। झारखंड सरकार ने दो बार समस्याओं के समाधान के लिए समय दिया, लेकिन दोनों ही बार समय देने के बावजूद भी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे झारखंड के सभी मुखिया अपने आप को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। इससे विवश होकर वे आंदोलन पर जाने को मजबूर हो गए हैं।
(Udaipur Kiran) / रंजीत कुमार
