Jharkhand

महिला समूहों को दिलायेंगे दो लाख तक की सहायता : सांसद

फोटो . महिला महाधिवेशन का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि

लोहरदगा , 8 मार्च (Udaipur Kiran) ।

शंखधारा महिला विकास मंडल लोहरदगा कुड़ू के तत्वावधान में महिला दिवस के मौके पर शनिवार को प्रखंड के नावाटोली मैदान में महिला महाअधिवेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद सुखदेव भगत शामिल हुए।मौके पर सांसद ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए राज्य की महागठबंधन सरकार के मुखिया हेमंत सोरेन लगातार प्रयासरत हैं। महिलाओं को स्वावलंबी तथा सशक्तिकरण किये बगैर समाज, राज्य तथा देश के विकास की बात करना बेमानी है। महिलाएं पुरूषों की तुलना में अधिक काम करती हैं। महिलाओं में श्रम शक्ति अधिक होती है। डायन बिसाही कुछ नहीं होता है। डायन कहकर महिलाओं को प्रताड़ित करना सभ्य समाज के लिए ठीक नहीं हैं, लाचार महिलाओं को अंधविश्वास के कारण प्रताड़ित करना अपराध है। शराब और नशा समाज के लिए ठीक नहीं, नशा से दूर रहने की जरूरत हैं। उन्होंने मौजूद लोगों से कहा कि बच्चों को पढ़ाये। इससे समाज आगे बढ़ेगा। सांसद ने कहा कि महिला समूह को स्वरोजगार के लिए दो लाख तक सहायता दिलायी जायेगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं सभी काम कर सकती हैं इसलिए वे सेल्फ – हेल्फ बनें। मौके पर शंखधारा महिला विकास मंडल की अध्यक्ष बालवती देवी ने बताया कि कुड़ू प्रखंड के 14 गांवों के 52 महिला समूह का गठन करते हुए शंखधारा महिला विकास मंडल का शुभारंभ किया गया था। अब प्रखंड के 64 गांवों में 1108 महिला समूहों का संचालन हो रहा है। मौके पर कई महिलाएं मौजूद थीं।

—————

(Udaipur Kiran) / गोपी कृष्ण कुँवर

Most Popular

To Top