Sports

पेरिस पैरालम्पिक में मप्र की रुबीना फ्रांसिस ने कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

पेरिस पैरालम्पिक में मप्र की रुबीना फ्रांसिस ने कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

– रूबीना पैरालम्पिक गेम्स में पदक जीतने वाली प्रदेश की पहली खिलाडी बनी

भोपाल. 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । फ्रांस के पेरिस में 28 अगस्त से 08 सितम्बर 2024 तक आयोजित पैरालम्पिक गेम्स में शनिवार को मध्य प्रदेश राज्य खेल अकादमी की खिलाड़ी रूबीना फ्रांसिस ने वूमेंस 10 एम. एअर पिस्टल एसएच-1 इवेंट में कांस्य पदक अर्जित कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। इसके साथ ही रुबिना पैरालम्पिक गेम्स में पदक जीतने वाली प्रदेश की पहली खिलाडी बन गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रूबीना फ्रांसिस को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

पेरिस में आयोजित पैरालिम्पक गेम्स में वूमेंस 10एम. एअर पिस्टल एसएच-1 इवेंट मे ईरान की जवानमार्दी एस. 236.8 अंको के साथ स्वर्ण पदक, तुर्की की ओज्गन ए. 231.1 अंको के साथ रजत और भारत की रूबीना फ्रांसिस ने 211.1 अंकों के साथ कांस्य पदक अर्जित किया।

रुबीना फ्रांसिस की खेल उपलब्धियां

जबलपुर निवासी रुबीना फ्रांसिस वर्ष 2015 में राज्य खेल अकादमी से जुड़ी थी। यह रूबीना का दूसरा ओलम्पिक है। इससे पूर्व टोक्यो ओलम्पिक में पदक से वंचित हो गई थी। रूबीना ने लगातार वर्ष 2017 एवं 18 में 02 बार जूनियर रिकार्ड बनाया है और 01 बार वर्ष 2018 फ्रांस में वर्ल्ड रिकार्ड की बराबरी की थी। रूबीना फ्रांसिस ने 10 अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक 03 स्वर्ण, 02 रजत और 01 कांस्य सहित कुल 06 पदक अर्जित किये हैं। वही राष्ट्रीय स्तर पर भी 13 स्वर्ण, 03 रजत और 01 कांस्य सहित 17 पदक अर्जित कर प्रदेश का गौरव बढाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय निशानेबाज और जबलपुर की बेटी रूबीना फ्रांसिस को कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि बेटी रूबीना की ये जीत देश के साथ प्रदेश के युवाओं खासकर बेटियों के लिए संघर्ष से सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की है कि रूबीना की जीत का यह क्रम निरंतर चलता रहे और रूबीना इसी तरह देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश को भी गौरवान्वित करती रहें।

खेल मंत्री सारंग ने भी दी बधाई

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी रूबीना फ्रांसिस के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने बताया कि रूबीना ने पैरालम्पिक में पदक जीतकर इतिहास रचा है। रूबीना प्रदेश के लिए नई रोल मॉडल बन गई है। विपरीत परिस्थितियों में पदक अर्जित कर रूबीना ने प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया है। रूबीना की इस उपलब्धि पर खेल विभाग की अपर मुख्य सचिव स्मिता भारद्वाज और खेल संचालक ने भी रूबीना के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर बधाई दी है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top