Madhya Pradesh

मप्रः बेटी बचाओ अभियान चलाएगी कांग्रेस, जीतू पटवारी ने उठाए कानून- व्यवस्था पर सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पत्रकार वार्ता काे संबाेधित किया

भोपाल, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज मध्य प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों के कारण सामाजिक आपातकाल की स्थिति बन गई है। इससे निपटने के लिए कांग्रेस पार्टी ’बेटी बचाओ अभियान’ आरंभ करने जा रही है। यह अभियान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती दो अक्टूबर से पूरे प्रदेश में एक साथ आरंभ किया जा रहा है। जीतू पटवारी ने यह बात मंगलवार काे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कही।

पटवारी ने तंज कसते हुए कहा कि जो मध्य प्रदेश, देश विदेश में अपनी धरोहर व संस्कृति के लिए जाना जाता था, आज बेटियों के खिलाफ़ हो रहे अपराधों के लिए जाना जाता है। बीते 18 सालों में भाजपा की सरकार महिला अत्याचारों को रोकने में नाकाम रही है, इसलिए इन 18 सालों में चार लाख दस हज़ार से अधिक महिलाओं को अत्याचार का शिकार होना पड़ा। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार मध्य प्रदेश में 2004 से भाजपा सरकार में 65 हज़ार से ज़्यादा बहनों के साथ बलात्कार के मामले दर्ज हुए हैं और यह तो अधिकृत आँकड़ा है असल स्थिति इससे कहीं ज़्यादा बदतर है।

पीसीसी चीफ ने कहा कि मध्य प्रदेश में 1 लाख 40 हज़ार से अधिक महिलाओं के खिलाफ़ हुए अपराधों के मामले अभी भी लंबित हैं। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस अपनी सामाजिक ज़िम्मेदारी को समझती है और प्रदेश की बेटियों को इस स्थिति और डर से बाहर लाने के लिए ही हम आज यहाँ इकट्ठा हुए हैं। बेटी बचाओ अभियान नहीं, मध्य प्रदेश के हालात हैं। हम पूरे देश से कहते हैं: मध्य प्रदेश की बेटियों को बचाओ। यह कार्यक्रम राजनैतिक नहीं बल्कि सामाजिक है, प्रदेश की बेटियों को बचाने के लिए एक मुहिम है। जिसमें कांग्रेस पार्टी के साथ तमाम ग़ैर राजनैतिक संस्थाएँ और आम जनमानस जुड़ कर बेटियों को बचाने की इस मुहिम में हमारा साथ देगा।

बेटी बचाओ अभियान की रूपरेखा

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के इस अभियान में महिला कांग्रेस युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के साथ मिलकर कांग्रेसजन पूरे प्रदेश में जन जन तक पहुंचेंगे। महिलाओं के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने के लिए ‘स्पीक अप’ अभियान (2 अक्टूबर), युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस(5 अक्टूबर ) महिला कांग्रेस का कैंडल मार्च(7 अक्टूबर) ब्लॉक स्तरीय उपवास व कन्या पूजन(8 अक्टूबर), बेटी बचाओ ज्ञापन(14 अक्टूबर) प्रदेश स्तरीय उपवास(16 अक्टूबर) से लेकर मध्य प्रदेश बंद(सरकार द्वारा उचित क़दम न उठाने पर) जैसे कार्यक्रम इस अभियान में शामिल किए गए हैं।

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल, कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, विधायकद्वय आरिफ़ मसूद आतिफ़ अकील, पूर्व मंत्री पी सी शर्मा, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह, मेघा परमार, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, संगठन प्रभारी राजीव सिंह, जेपी धनौपिया तो मुख्य प्रवक्ता अब्बास हफ़ीज़, प्रवक्ता गण जतिंदर पाल सिंह, आनंद जाट, मिथुन अहिरवार, अपराजिता पांडे, सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top