
भोपाल, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर रविवार प्रदेश में करवा चौथ का पर्व आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अपनी धर्मपत्नी सीमा यादव के साथ उज्जैन स्थित निज निवास पर करवा चौथ का पर्व मनाया।
करवा चौथ के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव की धर्मपत्नी सीमा यादव ने चंद्रोदय के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा की और पति डॉ. यादव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पत्नी सीमा को जल ग्रहण करवाकर व्रत खुलवाया। इसके पूर्व यादव दंपति ने विधि-विधान से करवा माता पूजा की। इस अवसर पर करवा माता की कथा भी हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी करवा चौथ की बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अखण्ड सौभाग्य और असीम समर्पण के महापर्व करवा चौथ की सभी माताओं-बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय नारी परिवार को एक सूत्र में बांधकर रखती है। भारतीय नारी का परिवार के लिए त्याग और जीवन साथी के लिए समर्पण विश्व में अनोखा है। डॉ. यादव ने कहा कि यह पावन पर्व, बहनों के वैवाहिक जीवन में अनंत प्रेम और अटूट विश्वास का संचार करे। इनका आंगन सुख-समृद्धि, आरोग्यता और आनंद के दिव्य प्रकाश से आलोकित हो, यही प्रार्थना है।
(Udaipur Kiran) तोमर
