Uttar Pradesh

सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर पाटिल से की शिष्टाचार भेंट

मंत्री पाटिल से भेंट करते सांसद अनुराग शर्मा

–बुंदेलखंड क्षेत्र की जल समस्याओं पर किया विचार विमर्श

झांसी, 20 मई (Udaipur Kiran) । नई दिल्ली में झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के लोकसभा सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री, भारत सरकार सी.आर. पाटिल से शिष्टाचार भेंट कर अपने संसदीय क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जल प्रबंधन एवं सिंचाई समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।

सांसद शर्मा ने मंत्री को अवगत कराया कि बुंदेलखंड क्षेत्र विशेषकर झांसी जनपद की टहरौली तहसील के 53 ग्राम लंबे समय से अनियमित वर्षा और सूखे की मार झेल रहे हैं। जिससे किसानों को सिंचाई जल की गंभीर कमी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने निम्नलिखित तीन प्रमुख बिंदुओं पर मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। जल शक्ति मंत्री सी.आर पाटिल ने सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक सर्वेक्षण एवं कार्यवाही सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

पारीछा बांध लिफ्ट कैनाल सिंचाई परियोजना

श्री शर्मा ने प्रस्तावित किया कि बेतवा नदी पर स्थित पारीछा बांध से लिफ्ट कैनाल प्रणाली के माध्यम से जल उठाकर टहरौली तहसील के परसा, रोरा, बकायन, बमनुआ, ताई, रनयारा-झला, गुन्दहा, गाता, टहरौली किला, टहरौली खास सहित 53 ग्रामों की सिंचाई समस्या का समाधान किया जा सकता है।

वर्तमान में केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत जनपद ललितपुर को सिंचाई हेतु 18 एम.सी.एम. पानी गोविंद सागर बांध में भरने का प्रावधान है, किंतु सिल्टिंग के कारण बांध की वास्तविक क्षमता काफी कम हो गई है। ऐसे में श्री शर्मा ने अनुरोध किया कि उक्त जल को झांसी की टहरौली तहसील के 53 असिंचित ग्रामों की सिंचाई हेतु डायवर्ट किया जाए।

श्री शर्मा ने बताया कि गोविंद सागर बांध, जो कि शहजाद नदी पर स्थित है। इस मानसून में अपनी पूर्ण जलस्तर क्षमता तक नहीं भर पाया है, जिससे पेयजल और सिंचाई दोनों संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने अनुरोध किया कि राजघाट बांध के निकट बेतवा नदी पर स्थित जाखलौन पंप कैनाल से गोविंद सागर बांध में जलापूर्ति हेतु केंद्रीय जल आयोग एवं बेतवा रिवर बोर्ड को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top