
जबलपुर, 24 मार्च (Udaipur Kiran) । साहू समाज की आराध्य और श्री जगन्नाथ स्वामी की अनन्य भक्त, भक्त शिरोमणि मां कर्मा माई की जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर साेमवार काे सर्व साहू समाज जबलपुर के तत्वाधान एवं मप्र तैलघानी बोर्ड के अध्यक्ष रविकिरण साहू के संयोजन में विशाल मां कर्मा शोभायात्रा मालवीय चौक से बड़ी खेरमाई मंदिर तक निकाली गई।
शोभायात्रा में जबलपुर जिले के नगर एवं ग्रामीण अंचल की सभी संस्थाओं की विभिन्न झांकियां शामिल हुई। जिसमें जबलपुर शहर के साथ ही सिहोरा, पाटन, कटंगी, पनागर, बघराजी, भेड़ाघाट, बेलखाडू, मंझोली, गढ़ा, रांझी, अधारताल, मदर टेरेसा नगर की संस्थाओं ने शामिल होकर शोभायात्रा में सहभागिता की।
मां कर्मा की भव्य शोभायात्रा मां कर्मा की पूजन के पश्चात मालवीय चौक से प्रारम्भ होते हुए बड़ी खेरमाई मंदिर प्रांगण पहुंची। जहां सिंहवाहनी मंदिर स्थित मां कर्मा की प्रतिमा का पूजन अर्चन किया गया। इसके पश्चात भगवान जगन्नाथ को भोग अर्पण कर खिचड़ी की प्रसादी का वितरण किया गया।
तैलघानी बोर्ड अध्यक्ष रविकिरण साहू ने इस अवसर पर कहा साहू समाज की आराध्य देवी मां कर्मादेवी सेवा, त्याग और भक्ति समर्पण की देवी हैं। कर्माबाई की गौरव गाथा जनमानस में श्रद्धा तथा भक्तिभाव से वर्षों से चली आ रही है। मां कर्मादेवी का जन्म पापमोचनी एकादशी के दिन उत्तरप्रदेश के झांसी नगर में चैत्र कृष्ण पक्ष की एकादशी को हुआ था। जगन्नाथपुरी में बहुत समय तक समुद्र के किनारे रहकर अपनी गोद में लेकर बालकृष्ण को अपने हाथों खिचड़ी खिलाई थी।
मां कर्मा शोभायात्रा का मार्ग में जगह जगह भव्य स्वागत हुआ। जिसमें साहू समाज की विभिन्न संस्थाओं के साथ ही समरसता सेवा संगठन, व्यापारी संगठन आदि ने स्वागत किया।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक
