
– दोपहर बाद तक घने बादलों के नीचे छाई रही धुन्ध
मुरैना, 15 जनवरी (Udaipur Kiran) । सर्दी के मौसम में पहली बार मुरैना की जमीन पर कोहरा पानी की बूंदों की रूप में बरसता दिखाई दिया। यह बूंदें पेड़ व फसलों के पत्तों पर बर्फ के रूप में जमी तथा चांदी के मोती जैसी चमकती दिखाई दे रही थीं। बुधवार सुबह शहर में घने कोहरे की विज्युबिल्टी जहां 10 मीटर थी, वहीं हाइवे और रेलमार्ग पर यातायात थम सा गया।
आसमान पर छाये घने बादलों के कारण बुधवार दोपहर तक दृश्यताी मात्र 150 से 200 मीटर तक हो पाई। इसके बावजूद भी बौछारों के रूप में कोहरा बरसता दिखाई दे रहा था। इससे हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का एहसास लोगों को हो रहा था, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चे ठिठुरते हुये वाहनों में देखे गये।
यह कोहरा गेहूं, चना व दलहनी फसलों के लिये बेहतर है, लेकिन लगातार 4-5 दिन यही स्थिति बनी रहने पर सरसों के लिये नुकसानदेह साबित होगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी 24 घंटे के दौरान हल्की वर्षा की संभावना है।
आज सुबह बरसते घने कोहरे के बावजूद भी बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान जहां डेढ़ से दो डिग्री ऊपर जाकर 9 डिग्री पर दर्ज हुआ, वहीं दिन का उच्चतम तापमान 48 घंटे पूर्व 21 डिग्री दर्ज हुआ था। वह धीरे-धीरे 2 डिग्री ऊतरकर 19 डिग्री पर पहुंच गया।
उच्चतम तापमान के गिरने व न्यूनतम तापमान के बढऩे के बावजूद भी घना कोहरा छाया हुआ है। लोग जहां अलाव का सहारा लेने के लिये मजबूर हैं, वहीं घर से बाहर निकले लोग सर्दी का सितम सहने को। सुबह से ही शहर में कोहरे से विज्युबिल्टी 10 मीटर की थी। यह 4 घंटे में डेढ़ सौ मीटर तक हो गई थी। हाइवे पर देर सुबह वाहनों का आवागमन दिखाई दिया, वहीं शहर में रोजमर्या का जीवन यापन भी आम दिन की अपेक्षा देर से आरंभ हुआ। आंचलिक कृषि अनुसंधान केन्द्र के वैज्ञानिक डा. संदीप सिंह तोमर ने बताया कि इस सर्दी से बचाव के लिये लोगों को पूरा शरीर ढंककर ही बाहर निकलना चाहिए। किसान अपने पशुओं को खुले स्थान पर न बांधकर छायादार स्थान पर रखे।
—————
(Udaipur Kiran) / राजू विश्वकर्मा
