Uttar Pradesh

ग्राम चौपालों में 4 लाख 93 हजार से अधिक समस्याएं निस्तारित

फाइल फोटो केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ,12 अप्रैल (Udaipur Kiran) । उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशन में ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रदेश के प्रत्येक विकास खण्ड की दो ग्राम पंचायतों में प्रत्येक शुक्रवार काे ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाता है। इनमें बहुत बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का निराकरण उनके गांव में ही हो रहा है।

केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के अनुपालन में ठोस व प्रभावी रूपरेखा बनाकर चौपालों से पूर्व गांवों में सफाई पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है और चौपालों के बारे में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है। व्यक्तिगत समस्याओं के अलावा सार्वजनिक समस्याओं का भी समाधान चौपालों में हो रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्राम चौपालों का आयोजन विधिवत किया जाता रहे। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण में नये मानकों के अनुरूप नये पात्र लाभार्थियों के चयन में ग्राम चौपालों की अहम भूमिका रहेगी। इन चौपालों में सम्बन्धित ग्राम सभाओं के पात्रों के चयन/सर्वे में पारदर्शिता का विधिवत आंकलन भी हो सकेगा। नये पात्र लोगों का चयन 31 मार्च 2025 तक किया जाना था, जिसकी समय सीमा बढ़ाकर 30 अप्रैल 2025 तक कर दी गयी है।

आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग जी. एस. प्रियदर्शी ने बताया कि जनवरी 23 से अब तक एक लाख 34 हजार से अधिक ग्राम चौपालों का आयोजन किया जा चुका है। इन ग्राम चौपालों में 89 लाख 68 हजार से अधिक ग्रामवासी मौजूद रहे और 4 लाख 93 हजार से अधिक प्रकरणों का निस्तारण किया गया है।————–

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top