चंडीगढ़, 18 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश को “योग युक्त, नशा मुक्त” बनाने का संकल्प लिया है। इस बार 21 जून काे याेगाभ्यास के लिए अब तक प्रदेशभर के 11 लाख से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 21 जून को राज्य के सभी 22 जिलों और 121 खंडों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए अब तक 11 लाख से अधिक नागरिक पंजीयन कराकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्ज करा चुके है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पावन ब्रह्म सरोवर, कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। यहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ योग गुरु स्वामी रामदेव की उपस्थिति में हजारों साधक योगाभ्यास करेंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी के प्रयास से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने योग को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के बाद 177 देशों के समर्थन से 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के रूप में घोषित किया गया था। इसके माध्यम से भारत ने विश्व को शांति, स्वास्थ्य और समरसता का मार्ग दिखाया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ है, जो शारीरिक, मानसिक और पर्यावरणीय कल्याण को बढ़ावा देने में योग की भूमिका पर प्रकाश डालती है, जो स्थिरता और एकता के लिए वैश्विक आह्वान के साथ संरेखित है।
योग को संस्थागत रूप देने के लिए हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में एक हजार व्यायामशालाएं बनाने का लक्ष्य रखा है जिनमें से अब तक 714 व्यायामशालाओं का निर्माण किया जा चुका है और 877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की गई है। इन व्यायामशालाओं में भी 21 जून को विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
