Uttar Pradesh

उप्र में दो दिन बाद सक्रिय होगा मानसून, हल्की बारिश से गिरा तापमान

कानपुर में अगले सप्ताह हल्की बारिश की संभावना

कानपुर, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश में तेज धूप से उमस भरी गर्मी बरकरार है। गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। लोग मानसून की राह देख रहे हैं। हालांकि हल्की बारिश से तापमान गिर गया है लेकिन उमस भरी गर्मी में खास अंतर नहीं पड़ रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से दो दिन बाद उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी की मौसमी गतिविधियां उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने की ओर इशारा कर रही हैं। दो दिन बाद तेज बारिश के आसार बन रहे हैं। इस बीच स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। कानपुर में आज 5.8 मिमी बारिश हुई जिससे तापमान लगभग सामान्य की स्थिति में पहुंच गया। वहीं सोमवार से पूर्वी यूपी के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती सहित आसपास के जिलों में आंधी तूफान के साथ भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसमी गतिविधियां अगर अनुकूल रहीं तो दो दिन बाद से पूरे उत्तर प्रदेश में तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। अगर कानपुर की बात की जाए तो अभी तो तीन दिन क्रमश: 5.5, 10.5 और 4.5 मिमी बारिश की ही संभावना दिख रही है। इस बीच आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 83 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 55 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 5.1 किमी प्रति घंटा रही और बारिश 5.8 मिमी हुई।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / अजय सिंह / दिलीप शुक्ला

Most Popular

To Top