
-भाजपा शासन में महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण होने के साथ समाज में सम्मान बढ़ा
गुरुग्राम, 8 मार्च (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने स्थानीय भाजपा कार्यालय में शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में भाग लिया। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि भारत में सदियों से यह कहा गया है कि जहां महिलाओं को सम्मान मिलता है और पूजा जाता है, वहां देवता निवास करते हैं।
उन्होंनें कहा कि बहनें और बेटियां देवी का स्वरूप है। बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त करना है। आज नए भारत के निर्माण में महिलाएं अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार महिलाओं को सशक्त करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। भाजपा कार्यालय गुरुकमल में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने फूलों की होली खेली, अंग दान के लिए महिलाओं को प्रेरित किया।
मंच से ही महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने अपनी देह दान करने की घोषणा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उषा प्रियदर्शी के इस साहसिक निर्णय की प्रशंसा की। कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी सहित अनेक नेताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और उनकी धर्मपत्नी गीता बड़ौली का स्वागत किया।
मोहन लाल बड़ौली ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपनी सुरक्षा में महिला शक्ति को जिम्मेदारी देना ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि हमारी बहनों ने नए-नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। शासन व्यवस्था हो या फिर युद्ध का क्षेत्र हो मातृशक्ति हमेशा आगे रही है। महिलाओं का आह्वान करते हुए बड़ौली ने कहा कि देश और समाज को दिशा देने में अपनी अहम भूमिका अग्रणी होकर निभाएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद ही महिलाओं को सही मायने में सशक्त करने का काम हुआ है। मोदी सरकार ने महिलाओं को अधिकार देकर मजबूत बनाने का काम किया है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान की शुरूआत हरियाणा से हुई है।
कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष कमल यादव, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल के अलावा अनेक भाजपा नेत्रियों ने संबोधित किया। इस मौके पर निवर्तमान मेयर मधु आजाद, मेयर प्रत्याशी रही राजरानी मल्होत्रा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सोनिया यादव, पूनम भटनागर, अलीशा तोमर और भारी संख्या में प्रदेश और जिले की महिला मोर्चा की पदाधिकारी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran)
