
धर्मशाला, 05 मई (Udaipur Kiran) ।
हिमाचल प्रदेश भाजपा के महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर सीमा पार से प्रायोजित आतंकियों द्वारा किये गए बर्बर और कायराना हमले की भाजपा कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने कहा कि हमारे निर्दोष नागरिकों का बलिदान जाया नहीं होने दिया जाएगा। उनके शरीर से बहे लहू के एक-एक कतरे का हिसाब आतंकियों और उनका पालन पोषण करने वालों से लिया जाएगा। सोमवार को भाजपा के विरोध प्रदर्शन के बाद धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए त्रिलोक कपूर ने कहा कि आंतकियों तथा उन्हें संरक्षण देने वालों को केंद्र की मोदी सरकार छोड़ने वाली नही है। उन्होंने कहा कि आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने कड़े कदम उठाएं हैं।
उन्होंने कहा कि आंतकी हमले में जिन परिजनों ने अपनों को खोया है भाजपा उनके साथ खड़ी है। भाजपा प्रवक्ता के रूप में हम उन्हें विश्वास दिलाते हैं कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हम उन्हें खत्म करके रहेंगे।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि जब से केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार आई है, तब से जब भी दुश्मनों ने हमें एक राष्ट्र के रूप में चुनौती दी है, तब-तब हमने एकजुट होकर उन्हें जोरदार जवाब दिया है। जब भी आतंकवादियों ने शांति, मानवता और विकास पर हमला किया है, निर्दोष नागरिकों के खून बहाए हैं, हमने उन्हें भारत की शक्ति का अहसास कराया है, उन्हें उनके किये की सजा दी है। उन्होंने कहा केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में आतंकवाद की जड़ पर करारा प्रहार किया है। इसी से बौखलाकर देश के दुश्मनों ने कायराना हरकत की है। उन्होंने कहा आज पूरी दुनिया भारत के साथ और आतंकवाद के खिलाफ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अभी हमें एकजुट होना चाहिए। हमें पीड़ित परिजनों के साथ खड़े होना चाहिए, उनका अपमान नहीं करना चाहिए। इस विषय पर किसी तरह की राजनीति नहीं होना चाहिए। पहलगाम में हिंदुओं पर हमला देश की एकता और अखंडता पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा ये समय एक राष्ट्र के रूप में हमें दुनिया को दिखाना चाहिए कि भारत न झुकेगा, न रुकेगा और भारत देश के दुश्मनों को खत्म करके रहेगा।
इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, नगरोटा बंगवा के पूर्व विधायक अरुण मेहरा, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।
हिमाचल में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को जल्द बाहर करे सरकार
भाजपा मंहामंत्री त्रिलोक कपूर ने सुक्खू सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में पाकिस्तान के जो लोग ठहरे हुए हैं उनको अभी सरकार सरकार ने अपने देश लौटने को नही कहा है। सरकार को पता ही नही कि कितने पाकिस्तानी लोग हिमाचल में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए इस पर तत्काल उचित कदम उठाए। भाजपा महामंत्री ने कहा कि देश के कांग्रेस शासित राज्य पाकिस्तानी नागरिकों को निकालने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस विषय की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल में भी पाकिस्तानी नागरिकों को बाहर करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
