शिमला, 06 मई (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने मंगलवार को कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार युद्ध और कूटनीति दोनों मोर्चों पर देश को प्रभावी व संकल्पबद्ध नेतृत्व देने में सक्षम है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब देश की सेना मैदान में विजय प्राप्त करती थी, तब कांग्रेस की सरकारें कूटनीति की मेज पर उसे हार में बदल देती थीं।
कपूर ने पूर्व वायुसेना प्रमुख फाली होमी मेजर के संस्मरण का हवाला देते हुए कहा कि 26/11 मुंबई हमलों के बाद भारतीय वायुसेना पूरी तरह से जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार थी, लेकिन उस समय की मनमोहन सिंह सरकार ने सेना को कार्रवाई की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उस दौर में वायुसेना के युद्धक विमान केवल शोपीस बनकर रह गए थे।
त्रिलोक कपूर ने एक बयान में कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेनाएं न सिर्फ आधुनिक संसाधनों से लैस हैं, बल्कि सरकार की नीति भी स्पष्ट है—कूटनीतिक तैयारी के बाद जब जरूरत हो, तो निर्णायक कार्रवाई से पीछे नहीं हटना। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल देश की सैन्य शक्ति को मजबूती दी है, बल्कि विदेश नीति के मोर्चे पर भी भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।
कांग्रेस की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने नेहरू युग का उदाहरण दिया और कहा कि चीन भारत का ‘गुलाब’ लेकर चला गया और कांग्रेस ‘सुलह की शक्ल’ सजाती रही। ताशकंद समझौते में भारत को रणनीतिक नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन कांग्रेस सरकारों ने बार-बार देश की कूटनीतिक हार को स्वीकार किया।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
