Jammu & Kashmir

जम्मू कश्मीर के लोगों के हित में मोदी सरकार ने 890 केंद्रीय कानून लागू किएः वाई.वी शर्मा

जम्मू कश्मीर के लोगों के हित में मोदी सरकार ने 890 केंद्रीय कानून लागू किएः वाई.वी शर्मा

जम्मू, 13 सितंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रवक्ता वाई. वी शर्मा का कहना हैं कि जम्मू कश्मीर के लोगों के हित के लिए भाजपा और मोदी सरकार प्रतिबद्ध है। मोदी सरकार ने पांच अगस्त 2019 के बाद जम्मू कश्मीर में 890 केंद्रीय कानूनों को लागू किया है। देश के अन्य हिस्सों की तरह अब प्रदेश के लोगों को भी केंद्रीय कानूनों का लाभ हासिल हो पा रहा है। भाजपा के चुनाव वार रूम में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शर्मा ने यह बात कही। प्रवक्ता ले. जनरल रिटायर्ड राकेश शर्मा, बलवीर राम रतन और मीडिया प्रमुख प्रदीप महोत्रा की मौजूदगी में वाई वी शर्मा ने कहा कि 890 केंद्रीय कानून लागू करने के अलावा 205 राज्य के कानूनों को निरस्त किया गया है।

जम्मू कश्मीर के सभी वर्ग खासतौर से गरीब वर्ग के लोगों के केंद्र में रखते हुए भाजपा ने संकल्प पत्र को तैयार किया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा जम्मू कश्मीर में सरकार बनाएगी और संकल्प पत्र को लागू करेगी। बुजुर्ग, विधवा और विकलांग पेंशन को 1000 से बढ़ाकर 3000 किया जाएगा। गरीब परिवारों को दस किलो मुफ्त चावल और एक किलो चीनी दी जाएगी।घर की वरिष्ठ महिला को सालाना 18 हजार रूप्ये दिए जाएंगे। डेलीवेजरों के वेतन में बढ़ोतरी समेत उनके हितों का ख्याल रखा जाएगा। वेघर लोगों के हित में पांच मरला भूमि प्रति परिवार दी जाएगी और नई आवासीय कालोनियों को भी बसाया जाएगा। भूमि मामलों का पारदर्शी तरीके से निपटान की नीति व अनुसूचित जाति और जनजाति के हितों को भी सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने कहा बिजली और पानी की आपूर्ति को सुचारू बनाने के अलावा जिन उपभोक्ताओं का बकाया हैं उनके मामलों पर गौर कर राहत प्रदान करने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने जम्मू कशमीर के लोगों से अपील की कि वह भाजपा को विधानसभा चुनाव में विजयी बनाए।

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top