नाहन, 11 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । सिरमौर जिला मुख्यालय स्थित डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया था कि मेडिकल कॉलेज को शहर से बाहर स्थानांतरित करना नाहन के लोगों के अधिकारों का हनन है। अब इस मुद्दे पर नाहन विधायक अजय सोलंकी ने पलटवार करते हुए भाजपा पर भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
भाजपा फैला रही झूठ, कॉलेज का विस्तार हो रहा है : सोलंकी
विधायक अजय सोलंकी ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज का स्थानांतरण नहीं, बल्कि विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज कांग्रेस सरकार की देन है और इसे वीरभद्र सिंह सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत किया गया था।
विधायक ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों से निम्न गुणवत्ता वाली निर्माण कंपनी और सीपीडब्ल्यूडी के बीच आर्बिट्रेशन केस चल रहा था जिसके कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था। अब सरकार इसे पुनः गति दे रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेज का विस्तार वार्ड नंबर 2 से वार्ड नंबर 12 में किया जा रहा है, जिससे शहर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
शहरवासियों को मिलेगा फायदा, भाजपा कर रही राजनीति
विधायक सोलंकी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता इस विषय पर राजनीति कर रहे हैं और जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज का पुराना भवन अस्पताल के रूप में कार्य करता रहेगा और वहां स्वास्थ्य सुविधाएं जारी रहेंगी।
सोलंकी ने कहा कि शहर के बीच मेडिकल कॉलेज होने से पार्किंग, ट्रैफिक जैसी समस्याएं आ रही थीं, इसलिए इसका विस्तार किया जा रहा है। लेकिन भाजपा इसे गलत तरीके से पेश कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
