Jammu & Kashmir

भाजपा जोड़ियां मंडल की नई कार्यकारिणी घोषित विधायक मोहन लाल ने किया सम्मानित

जम्मू, 10 मार्च (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी जोड़ियां मंडल की ओर से एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया जिसका नेतृत्व मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में अखनूर के विधायक मोहन लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने इसकी अध्यक्षता की।कार्यक्रम की शुरुआत में नीरज शर्मा ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और भाजपा की विचारधारा को सशक्त बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।

इस अवसर पर भाजपा जोड़ियां मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसके तहत राकी गुप्ता और राकेश भगत को महामंत्री नियुक्त किया गया, सोनिया शर्मा, सुभाष शर्मा, नरेन्द्र कुमार और कुलदीप जी को उपाध्यक्ष बनाया गया। जोगराज चौधरी, शारदा देवी, तरसेम शर्मा और रेखा देवी को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई जबकि अंजलि देवी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा जोगीन्द्र सिंह को प्रवक्ता काली शर्मा को मीडिया सचिव नीरज कुमार शर्मा को सोशल मीडिया सचिव यशपाल जी को प्रचार सचिव और साहिल जगवाल को सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ प्रभारी बनाया गया।

विधायक मोहन लाल ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है जहां संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को उचित स्थान और सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि जोड़ियां मंडल की नई कार्यकारिणी से पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी और ये सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है और इस दिशा में यह टीम पूरी लगन से कार्य करेगी।

इस दौरान जिला अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा और समर्पण की भावना से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों से ही भाजपा जनता के दिलों में स्थान बना पाई है और इसी निष्ठा के साथ आगे भी संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी और कर्मठता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / रमेश गुप्ता

Most Popular

To Top