RAJASTHAN

अंबेडकर प्रतिमा पर पट्टिका को लेकर हाथापाई पर उतरीं विधायक, बीजेपी नेता के फाड़े कपड़े

कांग्रेस विधायक इंदिरा मीना ने बौंली भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित से हाथापाई की।

सवाई माधोपुर, 14 अप्रैल (Udaipur Kiran) । जिले में डॉ. भीमराव अबेडकर जयंती से एक दिन पहले अंबेडकर की प्रतिमा पर पट्टिका लगाने को लेकर विवाद हो गया। नगर पालिका मुख्यालय बौंली में अंबेडकर सर्किल पर रविवार देर रात विधायक इंदिरा मीणा व भाजपा मंडल अध्यक्ष के बीच जमकर कहासुनी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद मामला शांत कराया। बामनवास से कांग्रेस विधायक इंदिरा मीना ने बौंली भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित से हाथापाई की। कॉलर पकड़कर खींचा और शर्ट फाड़ दी। धमकाते हुए बोलीं कि भाजपा है तो क्या गुंडाराज हो गया क्या?

करीब दो घंटे तक पूरा विवाद चला। मामल बढ़ता देख एसडीएम चंद्र प्रकाश वर्मा, एएसपी नीलकमल, एसएचओ राधा रमन गुप्ता मौके पर पहुंचे और दोनों ही पक्षों से समझाइश की। अभी दोनों पट्टियों को सुरक्षित जगह पर रखा गया है।

बौंली के अंबेडकर सर्किल पर दो साल पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण हुआ था। लेकिन, डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती से एक दिन पहले रात को एक पक्ष प्रतिमा के नीचे पट्टिका लगाने के लिए मौके पर पहुंचा। वे विधायक इंदिरा मीणा व नपा अध्यक्ष कमलेश देवी जोशी के नाम पट्टिका लगाने चाहते थे।

सूचना मिलते ही प्रधान कृष्ण पोसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित सहित कई भाजपा और समर्थक मौके पर पहुंच गए। बीजेपी के लोगों ने पट्टिका लगाने पर टोका। इस पर दोनो पक्षों के बीच विवाद हो गया और माहौल संवेदनशील हो गया। इसी बीच विधायक इंदिरा मीणा और मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित के बीच जमकर कहासुनी हुई।

यहां पीडब्ल्यूडी की ओर से चौराहे का निर्माण करवाया जा रहा है। दो साल पहले बामनवास विधायक इंदिरा मीना की ओर से इसका शिलान्यास किया गया था। इस पट्टिका पर उनके साथ पूर्व सीएम अशोक गहलोत का नाम भी था, जिसे रविवार रात को हटा दिया गया था।

बताया जा रहा है कि इंदिरा मीणा और पालिका अध्यक्ष कमलेश देवी जोशी के नाम की पट्टिका प्रतिमा के नीचे लगाई जानी थी। प्रधान और बौंली मंडल अध्यक्ष ने इस पर आपत्ति की और वहां से उसे हटा दिया।

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद रात में विधायक इंदिरा मीना मौके पर पहुंचीं। यहां अपने नाम की पट्टिका नीचे देख वह भड़क गई। इस पर हनुमत दीक्षित से उनकी बहस हो गई।

मामला इतना बढ़ गया कि हनुमत दीक्षित जब कार में सवार होकर निकलने लगे तो इंदिरा मीणा गुस्सा हो गई। वह पहले बहस करने लगी और फिर कार पर चढ़ गई। इसके बाद हाथापाई की भी नौबत आ गई। इंदिरा मीना धमकाते हुए कहने लगी कि बीजेपी है तो गुंडाराज हो गया क्या, गुंडागर्दी क्यों कर रहे हो। अंबेडकर की प्रतिमा के हाथ कैसे लगाया।

इस पूरे मामले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें विधायक इंदिरा मीणा और मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित एक-दूसरे से उलझते दिख रहे है। मंडल अध्यक्ष अपनी कार में बैठे हुए है। वहीं, विधायक कार के बाहर खड़ी दिख रही है। कहासुनी के बीच विधायक ने मंडल अध्यक्ष की गाड़ी पर भी चढ़ने की कोशिश की। साथ ही हाथापाई करते हुए भाजपा नेता के कपड़े तक फाड़ दिए। इस दौरान दोनों पक्षों के काफी लोग मौजूद रहे।

इसकी सूचना मिलते ही एसडीएम चंद्र प्रकाश वर्मा, एएसपी नील कमल, एसएचओ राधा रमन गुप्ता पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक समझाइश के बाद मामला शांत कराया। इसके बाद पट्टिकाओं को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया।

भाजपा मंडल अध्यक्ष हनुमत दीक्षित ने बताया कि अंबेडकर सर्किल पर दो साल से डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगी हुई है। लेकिन, विधायक पक्ष की ओर से देर रात नई पट्टिका लगाने की कोशिश की गई। जिस पर टोका तो विधायक इंदिरा मीणा ने खूब बहस की। इतना ही नहीं मेरी गाड़ी पर चढ़ गई और हाथ भी उठाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पट्टिका को सुरक्षित जगह पर रखवाया है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top