CRIME

लापता व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला, आत्महत्या की आशंका

खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची

मेरठ, 19 जुलाई (Udaipur Kiran) । खरखौदा थाना क्षेत्र के खंदावली गांव से लापता व्यक्ति का शव शुक्रवार को पेड़ से लटका मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण व्यक्ति के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।

खंदावली गांव निवासी महेश गिरी पुत्र नानक चंद गिरी गुरुवार शाम को अपने घर से लापता हो गया था। इसके बाद से ही परिजन खोजबीन में जुटे थे। शुक्रवार को कुछ लोगों ने खंदावली-खरखौदा संपर्क मार्ग पर खेत में खड़े पेड़ से महेश का शव लटका देखा। इस पर लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच-पड़ताल की। पूरे मामले की जांच करने के बाद पुलिस ने आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण महेश द्वारा आत्महत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस के अनुसार, मृतक महेश अपनी कृषि भूमि को पहले ही बेच चुका था और उस पर भारी कर्ज था। लोगों के तकादे से परेशान होकर महेश ने अपना आधा मकान भी बेच दिया था। इससे नाराज होकर महेश की पत्नी अपने मायके उत्तराखंड चली गई। पत्नी के चली जाने से भी महेश बहुत परेशान था। इस कारण उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / डॉ.कुलदीप त्यागी / दिलीप शुक्ला

Most Popular

To Top