CRIME

पद्मश्री की पत्नी-बेटी से 5.50 लाख रुपए के गहने ले गए बदमाश

घटनास्थल पर पहुंचकर परिवार से जानकारी जुटाते एएसपी जसाराम बोस

बाड़मेर, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । शहर की पॉश कॉलोनी महावीर नगर में पद्मश्री से सम्मानित स्व. मगराज जैन की पत्नी और बेटी को झांसे में लेकर दो ठग सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। घटना पुलिस चौकी से 200 मीटर की दूरी पर हुई। वारदात के समय घर पर मां-बेटी ही थे। घटना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के साथ ठगों की तलाश शुरू कर दी है।

पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित स्व. मगराज जैन की पत्नी सुशीला और बेटी मीनू जैन बाड़मेर में महावीर नगर में रहती हैं। शुक्रवार दोपहर दाे ठग एक पाउडर लेकर आए और कहा कि 20 रुपए के इस पाउडर से आपके सोने-चांदी के कहने एकदम साफ हो जाएंगे। मां-बेटी को भरोसा नहीं होने पर बदमाशों ने पीतल के छोटे-छोटे बर्तनों को पाउडर डालकर साफ किया तो बर्तन चमकने लगे। इसके बाद मां-बेटी के हाथों में पहने सोने के कंगन, अंगूठियां और सोने की चेन को उतरवाया और एक बर्तन में पानी डालकर गहने डाले दिए। पाउडर से पानी का रंग लाल हो गया। इस दौरान ठगों ने मां-बेटी को चकमा देकर गहने निकाल लिए और 10 मिनट में वापस आने की बात कहकर बाहर चले गए। काफी समय बाद भी बदमाश नहीं आए तो मां-बेटी ने पानी में गहनों को देखा, लेकिन गहने नहीं थे। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

एएसपी जसाराम बोस ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। परिवार से जानकारी जुटाई है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। टीमों ने ठगों की तलाश शुरू कर दी है। घर से 200 मीटर दूरी पर महावीर नगर पुलिस चौकी है। इसके बावजूद पुलिस को पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया। समाजसेवा के क्षेत्र में जैन के उल्लेखनीय योगदान और उनके व्यक्तिगत गुणों के लिए भारत सरकार ने 1989 में राष्ट्रपति आर. वेंकटरामन ने उन्हें पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया। जैन ने पश्चिमी राजस्थान की लोक कला और लोक कलाकारों के प्रोत्साहन और उत्थान के लिए सराहनीय काम किए। साल 2014 में उनका निधन हो गया था। मगराज जैन के तीन बेटे और एक बेटी हैं। एक बेटा जयपुर में भुवनेश जैन नेहरू युवा केंद्र में जॉइंट डायरेक्टर है। बेटा आनंद मुंबई में चार्टर अकाउंटेंट है। बेटा लक्ष्मण प्राइवेट कंपनी रियांलस से रिटायर है। फिलहाल मुंबई में रहते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Most Popular

To Top