
कैथल, 10 जनवरी (Udaipur Kiran) । एक महिला को उसके घर छोड़ने गई दुर्गा शक्ति पुलिस टीम की महिला पुलिसकर्मी से हाथापाई कर उसे चोट पहुंचाने वाले को थाना शहर पुलिस के पीएसआई सुनील कुमार ने खुराना रोड से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दुर्गा शक्ति टीम की महिला सिपाही प्रियंका ने शिकायत दी थी कि 7 जनवरी को कंट्रोल रूप से उनको एक सूचना प्राप्त हुई कि नए बस स्टैंड कैथल पर एक महिला 2-3 घंटे से खड़ी हुई है। वहां पहुंचने पर उन्हें एक महिला लावारिस हालत में मिली।
जिससे पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसके पति सुनील ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया है। इसके बाद दुर्गा शक्ति टीम महिला को लेकर वापस उसको घर छोड़ने चली गई। पुलिस के घर पहुंचने पर महिला के पति सुनील ने पुलिस कर्मचारियों को गालियां देनी शुरू कर दी और एएसआई श्वेता के समझाने के बाद भी उसकी बात नहीं मानी व गेट बंद कर दिया। सुनील ने सिपाही प्रियंका के साथ हाथापाई की और उसकी उंगली मरोड़ दी थी। जिस कारण उसकी उंगली में फ्रैक्चर आ गया था। सुनील पुलिस टीम को जान से मारने की धमकी भी देता रहा। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / नरेश कुमार भारद्वाज
