
भोपाल, 13 मार्च (Udaipur Kiran) । उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित मंत्रियों ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी है। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि होली आत्मीयता, प्रेम, सौहार्द का पर्व है इसे सभी के साथ खुशी से मनाये। होली हमें सामाजिक सद्भाव और समरसता का संदेश देती है। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कामना की है कि होली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि हम सबको प्राकृतिक रंगों से होली खेलना चाहिये। उन्होंने प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि यह त्यौहार सभी जीवन में नई ऊर्जा लाये।
महिला-बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने प्रदेशवासियों को रंगों के त्यौहार होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली आनंद, एकता, आत्मीयता, प्यार और खुशी का प्रतीक है। होलिका की पावन अग्नि में दरिद्रता, आलस्य, बुराई, नकारात्मकता और दुःख का दहन करना चाहिए। मंत्री भूरिया ने सभी से अपील की है कि वे हर्षोल्लास और उमंग के साथ सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में होली पर्व मनाएँ, जिससे यह त्यौहार हम सभी के जीवन को सुख, समृद्धि और आनंद से परिपूर्ण कर दें। उन्होंने सभी से अपील की है कि होली पर हर्बल रंगों का ही उपयोग करें।
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और खुशहाली का प्रतीक है। उन्होंने प्रार्थना की है कि होलिका की पावन अग्नि बुराइयों, विसंगतियों और रोगों को समाप्त करे तथा सभी के जीवन में सुख-समृद्धि के रंगों का संचार करे। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और प्राकृतिक रंगों से होली खेलने की अपील की है।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भी होली पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि रंगों का पर्व होली हमें विभिन्न संस्कृतियों और परम्पराओं को मानने वाले लोगों के बीच में सौहार्द और शांति का संदेश देता है। उन्होंने होली पर्व को भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।
(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत
