Uttar Pradesh

बाढ़ प्रभावित गांवों का मंत्री सुरेश राही ने किया दौरा, पीड़ित परिवारों को बांटी राहत सामग्री 

फ़ोटो

बाराबंकी, 20 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने जनपद के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री बांटी है। शुक्रवार को तहसील रामनगर के बाढ़ प्रभावित गांवों का राज्य मंत्री कारागार व जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दौरा किया।

राहत सहायता वितरण कार्यक्रम में मंत्री द्वारा बाढ़ प्रभावित 650 परिवारों को राहत सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही 25 परिवारों को बाढ़ राहत सहायता राशि और भूमि आवंटन प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया। इसके बाद तटबंध पर बन रही बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया। बाढ़ की कटान से प्रभावित हुए बेलहरी मजरे सरसंडा गांव पहुंचकर बाढ़ की विभीषिका देखी। प्रभावित परिवारों के दुःख दर्द को सुना और प्रशासन द्वारा दी जा रही सहायता सम्बंधित जानकारी स्थानीय ग्रामीणों से ली।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि बार-बार आने वाली बाढ़ की समस्या से निदान हेतु हम प्रयासरत है। बाढ़ की कटान से प्रभावित गांवों में प्रशासन द्वारा सभी जरूरी सुविधाएं भोजन, राशन, दवाई, और पशुओं के चारे का इंतजाम युद्धस्तर पर किया गया है जो काबिले तारीफ है। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम लगातार बाढ़ प्रभावित परिवारों की चिकित्सीय सेवा में लगी हुई है। बाढ़ का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। जिनकी जमीनें बाढ़ में कट गई, उन्हें प्रशासन द्वारा जमीनों के पट्टे दिए जा रहे है। जिनके आवास बाढ़ में गिर या ढह गए हैं, उनके खातों में सहायता राशि भेजी जा रही है।

(Udaipur Kiran) / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Most Popular

To Top