
-गुरुवार को रोहतक में होगा राज्यस्तरीय भव्य कार्यक्रम
गुरुग्राम, 28 मई (Udaipur Kiran) । प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने बुधवार को गुरुग्राम में लोगों को भगवान परशुराम जयंती का निमंत्रण दिया। इस मौके पर आदर्श ब्राह्मण सभा की अगुवाई में ब्राह्मण समाज की विभिन्न संस्थाओं से उनका नागरिक अभिनंदन भी किया गया। यह कार्यक्रम शक्ति पार्क स्थित भगवान परशुराम वाटिका में आयोजित किया गया।
यहां पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा की अगुवाई में ब्राह्मण समाज की विभिन्न संस्थाओं की ओर से मंत्री अरविंद शर्मा को सम्मान स्वरूप पगड़ी और भगवान परशुराम का प्रतीक फरसा भेंट किया गया। मंत्री अरविंद शर्मा ने संस्थाओं का आभार जताया और 30 मई को ज्यादा से ज्यादा संख्या में भगवान परशुराम जन्मोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के पुरोधा भगवान परशुराम ने सर्व समाज के कल्याण और भलाई के कार्य किए। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिग है।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज आज भगवान परशुराम की शिक्षाओं को अंगीकार कर रहा है। उन्होंने पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि जीएल शर्मा हर वर्ष गुरुग्राम में भगवान परशुराम जयंती पर सामाजिक समरसता सम्मेलन आयोजित करते हैं। आज सनातन को एकजुट करने का इससे बड़ा कोई माध्यम नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व चेयरमैन जीएल शर्मा ने मंत्री अरविंद शर्मा को भरोसा दिया कि रोहतक में आयोजित होने वाले भगवान परशुराम के जन्मोत्सव समारोह में गुरुग्राम से सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय यह कार्यक्रम भव्य होगा। इस मौके पर भारतीय जनता मजदूर सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जीएल शर्मा ने भी अपने विचार रखे।
(Udaipur Kiran)
