Madhya Pradesh

ग्वालियर: शहर में रात सबसे गर्म, 30 डिग्री के पार पहुंचा न्यूनतम पारा

ग्वालियर, 29 मई (Udaipur Kiran) ।रोहिणी नक्षत्र यानी नौतपा का आज पांचवां दिन है। नौतपा में दिन का तापमान भले ही सामान्य से कम है लेकिन गर्मी चरम पर है। गर्मी भी ऐसी कि पंखा-कूलर में भी लोगों को राहत नहीं है। दिन के साथ रात भी गर्म हो गई है। ग्वालियर शहर में गुरुवार को रात का तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो ना केवल इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक है बल्कि मध्य प्रदेश के अन्य शहरों की तुलना में भी सर्वाधिक है।

अरब सागर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित मध्य प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों की वजह से हवा में नमी अधिक है। इस कारण बादलों की भी आवा-जाही बनी हुई है। इस कारण भीषण तपन या लपट की स्थिति नहीं है लेकिन उमस की वजह से भीषण गर्मी महसूस हो रही है। कूलर-पंखा-एसी के सामने से हटते ही शरीर पसीना-पसीना हो जाता है।

मौसम के जानकार बता रहे हैं कि फिलहाल अधिकम तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। हवा में मौजूद नमी की वजह से बादलों की आवा-जाही बनी रहेगी। ऐसे में उमसपूर्ण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में आज गुरुवार काे अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा

Most Popular

To Top