Uttar Pradesh

किसानाें के खेत-खलिहान तक चलेगा सदस्यता अभियान : अनिल राजभर

मीडिया से वार्ता करते कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर व अन्य

मीरजापुर, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के बरौधा कचार स्थित जिला कार्यालय के सभागार कक्ष में बुधवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के सदस्यता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक, पिछड़ों समेत गांव, घर व किसान के खेत-खलिहान तक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि भाजपा ने सबसे पहले डिजिटल सदस्यता अभियान वर्ष 2014-15 फिर 2017 में विशेष सदस्यता तथा 2019 में भी सदस्यता अभियान चलाया था। 2015 में उत्तर प्रदेश में 1.86 करोड़ लोग भाजपा के प्राथमिक सदस्य बनाए गए थे। आगे 2019 में 90 लाख अतिरिक्त लोगों की सदस्यता की गई थी । 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान विशेष सदस्यता की गई, जिसमें विशेष रूप से महिला, अनुसूचित और युवा सदस्यता की गई थी और 30 लाख नए सदस्य बनाए गए थे। इस तरह से 2015 से 2022 तक उत्तर प्रदेश में कुल 3.03 करोड़ लोग भाजपा के सदस्य बने और 1.83 करोड़ सदस्यों का वेरिफिकेशन भी किया गया। प्रदेश में कुल 1.12 लाख कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य बने थे, जो भाजपा के प्रदेश से लेकर बूथ तक पदाधिकारी वर्ग में शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि 2024 भाजपा का संगठन वर्ष है जिसके लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। ऑनलाइन सदस्यता के लिए इस बार सभी को 8800002024 पर मिस्ड कॉल देना है। इसके बाद मैसेज के माध्यम से आपका सदस्यता कोड मिलेगा। इसी के साथ एक लिंक आएगा जिस पर जाकर सभी को डिजिटल फॉर्म भरना होगा जिसे सबमिट करते ही सदस्य का सदस्यता कार्ड बनकर आ जाएगा।

दो चरणों में चलेगा सदस्यता अभियान

भाजपा का सदस्यता अभियान दो चरणों में चलेगा। प्रथम चरण दो से 25 सितंबर तक तथा द्वितीय चरण एक से 15 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं सक्रिय सदस्यता अभियान 16 से 31अक्टूबर तक चलेगा। प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

सक्रिय सदस्यता के लिए 100 सदस्य बनाना अनिवार्य

एक मोबाइल नंबर से एक ही सदस्य बन सकता है। सक्रिय सदस्यता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता कम से कम 100 सदस्य अवश्य बनाएगा। सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 सदस्य बनाना एवं 100 रुपये की धनराशि नमो ऐप के माध्यम से भुगतान करना होगा।

10 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सदस्यता का नवीनीकरण कर दो सितंबर को सदस्यता अभियान की शुरुआत की। भाजपा के संविधान के अनुसार हर छह वर्ष के बाद सदस्यता अभियान चलाया जाता है। भाजपा ने ने इस बार 10 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में सदस्यता अभियान

भाजपा का सदस्यता अभियान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में शुरू किया जा रहा है। ऑनलाइन मोड में मिस्ड कॉल, नमो ऐप, वेबसाइट और क्यूआर कोड स्कैन करके कोई भी पार्टी का सदस्य बन सकता है। एक बार जिसने सदस्यता ले ली तो वह 6 साल तक पार्टी का सदस्य रहेगा और उसके बाद फिर से सदस्यता रिन्यूअल की जाती है।

सदस्यता अभियान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग

भाजपा सदस्यता अभियान में इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग कर रही है ताकि कोई एक व्यक्ति दो बार सदस्यता ना ले पाए और सदस्यों की गिनती सही हो।

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top