
रोहतक, 15 मई (Udaipur Kiran) । महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कर्मियों ने मैसूर के चामुंडी विहार स्टेडियम में हाल ही में सम्पन्न हुई 44वीं राष्ट्रीय वेटरन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक प्राप्त किए। इस प्रतियोगिता में 3 रजत और 8 कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। एमडीयू कर्मी सुनील सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल किए। पंकज ने 2 कांस्य पदक, दलवीर ने 2 रजत पदक, अंशुल कुमार ने 1 कांस्य पदक, दिग्विजय सिंह ने 1 रजत पदक, अमरजीत ने 1 कांस्य पदक तथा राकेश शर्मा ने 1 कांस्य पदक अपने नाम किया। एमडीयू कुलसचिव डा. कृष्णकांत, वित्त अधिकारी मुकेश भट्ट तथा गैर शिक्षक कर्मचारी संघ प्रधान अनिल मल्होत्रा ने इस उपलब्धि के लिए प्रतिभागी कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी कर्मचारियों की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। कुल सचिव डा. कृष्णकांत ने कहा कि खेलों में भाग लेने से कर्मी स्वस्थ रहते हैं और उनकी कार्य क्षमता में भी इजाफा होता है। उन्होंने कहा कि एमडीयू में कर्मियों में खेल संस्कृति विकसित के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन पूरा प्रोत्साहन दे रहा है।
(Udaipur Kiran) / अनिल
