
देश में हर साल 30 मई को हिन्दी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है। बात 1826 की है। देश में ब्रितानी हुकूमत थी। तब देश में अंग्रेजी, फारसी, उर्दू एवं बांग्ला भाषा में अखबार छपते थे। इसी साल तत्कालीन राजधानी कलकत्ता (अब कोलकाता) में कानपुर के रहने वाले वकील पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने 28 मई को अंग्रेजों की नाक के नीचे हिन्दी पत्रकारिता के इतिहास की ‘उदन्त मार्तण्ड’ के रूप में आधारशिला रखी। इसी पर आज हिन्दी पत्रकारिता के भव्य भवन खड़े हैं। साप्ताहिक ‘उदन्त मार्तण्ड’ ने अंग्रेजों की नाक में इस कदर खुजली कर दी की कि उसका प्रकाशन डेढ़ वर्ष से अधिक न हो सका। ‘उदन्त मार्तण्ड’ के प्रथम प्रकाशन तिथि की स्मृति में ही हिन्दी पत्रकारिता दिवस मनाकार पंडित जुगल किशोर शुक्ल के योगदान को याद किया जाता है।
प्रकाशक एवं संपादक शुक्ल के हर मंगलवार को छपने वाले ‘उदन्त मार्तण्ड’ में हिन्दी भाषा के बृज और अवधी भाषा का मिश्रण होता था। ‘उदन्त मार्तण्ड’ के वितरण में अंग्रेजों के डाक शुल्क में छूट न दिए जाने के कारण इसका 79वां और आखिरी अंक दिसंबर 1827 में प्रकाशित हुआ। इस समाचार पत्र के पहले अंक की 500 प्रतियां प्रकाशित हुई थीं। वैसे अंग्रेज जेम्स ऑगस्टस हिकी को भारतीय पत्रकारिता का जनक माना जाता है। उन्होंने 1780 में कलकत्ता जनरल एडवरटाइजर के साथ मिलकर भारत का पहला अऱबार बंगाल गजट शुरू किया था। यह पत्र केवल दो वर्ष तक ही चला। 1782 में ब्रिटिश राज की मुखर आलोचना के कारण इसे जब्त कर लिया गया।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1381ः इंग्लैंड के एसेक्स में किसान विद्रोह शुरू।
1539ः स्पेन के हर्नान्डो डी सोटो ने फ्लोरिडा की खोज की।
1646ः स्पेन और नीदरलैंड ने युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए।
1867ः उत्तर प्रदेश के देवबंद में दार-उल-उलूम की स्थापना हुई।
1919ःरवीन्द्रनाथ टैगोर ने जालियांवाला बाग नरसंहार के विरोध में सर की उपाधि वापस की।
1966ः अमेरिकी विमानों ने उत्तरी वियतनाम पर बमबारी की।
1975ः यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी का गठन।
1981ः बांग्लादेश के राष्ट्रपति जियाउर रहमान की हत्या। आपातकाल लागू।
1987ः गोवा देश का 25वां पूर्ण राज्य बना।
1996ः छह वर्षीय बालक गेधुन चोकी नाइया को नया पंचेन लामा चुना गया।
1998ः पाकिस्तान छठा परमाणु परीक्षण किया।
1998ः अफगानिस्तान में भूकंप। 5000 लोगों की मौत।
2003ः नेपाल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री लोकेन्द्र बहादुर चंद का इस्तीफा।
2004ः सऊदी अरब में बंधक संकट समाप्त, परन्तु दो भारतीयों सहित 22 की हत्या।
2007ः अंतरराष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक दिवस पर 107 शांति रक्षक पुरस्कृत।
2008ः अफगानिस्तान में एक जिले पर तालिबान ने कब्जा किया।
2012ः ग्रैंड मास्टर विश्वनाथन आनंद ने पांचवीं विश्व शतरंज चैम्पियनशिप जीती।
2015ः स्टार बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।
जन्म
1935ः भारत के प्रख्यात सितार वादक देबू चौधरी।
1909ः हिन्दी फिल्मों के सुप्रसिद्ध कथा, पटकथा और कहानी लेखक पंडित मुखराम शर्मा।
1947ः पुदुचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी।
निधन
1606ः सिखों के पांचवें गुरु अर्जन देव।
1955ः भारत में ट्रेड यूनियन आंदोलन के जन्मदाता एनएम जोशी।
1989ः उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह।
1991ः राष्ट्रवाद के अग्रदूत उमाशंकर दीक्षित।
2000ः आधुनिक हिन्दी साहित्य के सुप्रसिद्ध आलोचक रामविलास शर्मा।
2013ः बांग्ला फिल्मों के निर्देशक और अभिनेता ऋतुपर्णो घोष।
महत्वपूर्ण दिवस
-हिन्दी पत्रकारिता दिवस (हिन्दी के पहले साप्ताहिक ‘उदन्त मार्तण्ड’ के प्रथम प्रकाशन के अवसर पर)
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
