
भारतीय सिनेमा के संगीत इतिहास में लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की जोड़ी को भूल पाना नामुमकिन है। 03 नवंबर 1937 को जन्मे मैंडोलिन वादक लक्ष्मीकांत का पूरा नाम लक्ष्मीकांत शांताराम कुडालकर था। 25 मई, 1998 को स्मृतिशेष हुए लक्ष्मीकांत के निधन से प्यारेलाल ने भी फिल्मों से दूरी बना ली और अर्ध-सेवानिवृत्ति में चले गए। प्यारेलाल का पूरा नाम प्यारेलाल रामप्रसाद शर्मा है। संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने 500 से अधिक फिल्मों के 3000 से अधिक गानों के लिए संगीत दिया। प्यारेलाल वायलिन वादक के रूप में मशहूर हैं।
फिल्म इंडस्ट्री में इस जोड़ी को एलपी का नाम दिया गया। दोनों का करियर एक साथ शुरू हुआ। शादी भी कुछ ही दिनों के अंतराल पर की। बच्चे भी लगभग साथ ही साथ हुए। पहली कार भी दोनों ने एक साथ खरीदी। लक्ष्मीकांत और प्यारेलाल की उम्र में कुछ ही सालों का अंतर था। लक्ष्मीकांत ने प्यारेलाल को सदैव छोटे भाई की तरह माना। एक स्टेज प्रोग्राम में लता मंगेशकर ने बालक लक्ष्मीकांत को मेंडोलिन बजाता देख बहुत इम्प्रेस हुईं। उन्होंने सी रामचंद्र, नौशाद और शंकर जयकिशन से उस बच्चे की सिफारिश की। मंगेशकर परिवार भी टैलंटेड बच्चों के लिए एक अकादमी चलाता था- सुरील बाल कला केंद्र। प्यारेलाल इसी अकादमी का हिस्सा थे। बाद में लक्ष्मीकांत भी इस अकादमी का हिस्सा बन गए। इस तरह दोनों की जोड़ी बनी।
लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने ओपी नय्यर और शंकर जयकिशन के साथ काम किया। फिर कल्याणजी आनंद जी के सहायक बन गए और करीब 10 साल तक उनके साथ काम किया। आरडी बर्मन जैसे कई संगीतकारों के लिए उन्होंने म्यूजिक अर्रेंजर का काम भी किया। उन्हें छोटे बजट की पहली फिल्म पारसमणि मिली। कमाल यह रहा कि पारसमणि के सारे गाने हिट हो गए। बाबूभाई मिस्त्री की इस फिल्म के गाने लता मंगेशकर ने गाए थे। लता मंगेशकर ने 1963 से 1998 तक जिस संगीतकार जोड़ी के लिए सबसे ज़्यादा गाने गाए वो लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ही हैं।
लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की इस जोड़ी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि दोनों ने पैसे की बजाए क्वालिटी पर ध्यान दिया। शायद इसीलिए पारसमणि के गीत आज भी भुलाये नहीं भूलते। 1964 में नए कलाकारों और बहुत ही अलग विषय पर बनी एक सादा सी फिल्म आई- दोस्ती। एक फिल्म हिट साबित हुई। दोस्ती के म्यूजिक ने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल को उच्च श्रेणी के संगीतकारों के बीच खड़ा कर दिया और इस फिल्म ने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल को दिलाया उनका पहला फिल्मफेयर अवार्ड। ये फिल्म राजश्री के बैनर तले बनी थी और उस समय राजश्री, फिल्म निर्माण में नया ही था।
लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल में गजब का तालमेल था। बावजूद इसके दोनों ने एक- दूसरे के काम में दखल नहीं दिया। लक्ष्मीकांत धुन बनाने और प्यारेलाल ऑर्केस्ट्रा पर ध्यान देते थे। नब्बे का दशक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के नाम रहा। 25 मई, 1998 को लक्ष्मीकांत की मौत ने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की इस अटूट जोड़ी को तोड़ दिया। इसके बाद प्यारेलाल ने जितने भी प्रोजेक्ट्स किए उनमें क्रेडिट लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के नाम से ही गया। कुछ साल बाद वो भी फिल्मी दुनिया के फलक से दूर हो गए।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1611ः मुगल शासक जहांगीर ने मेहरून्निसा से निकाह किया। मेहरून्निसा इतिहास में नूरजहां के तौर पर जानी जाती हैं।
1995ः अमेरिकी वैज्ञानिकों को पहली बार जीवित जीव के डीएनए को डीकोड करने में सफलता मिली।
1998ः परमाणु परीक्षणों के कारण भारत पर प्रतिबंध न लगाने के लिए यूरोपीय संघ के सभी 15 सदस्य देश सहमत।
2003ः चिली ने पहली बार विश्व कप टेनिस खिताब जीता।
2006ः नासा ने जीओईएसएन नामक मौसम उपग्रह अंतरिक्ष में रवाना किया।
2006ः संयुक्त राज्य अमेरिका ने पोत आधारित इंटरसेप्टर मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
2007ः श्रीलंका की सरकार ने तमिल शरणार्थियों की नागरिकता पर सैद्धांतिक अनुमति दी।
2008ः कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों में से 110 जीत कर भाजपा दक्षिण के लिए किसी राज्य में पहली बार सरकार बनाने में सफल।
2008ः संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने चीन के भूकंप प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।
2008ः दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप के 12 देशों ने यूरोपीय यूनियन की तर्ज पर एक नए संगठन का गठन किया।
2008ः हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने विवादित पुलाऊ बाटू द्वीप सिंगापुर को हस्तांतरित किया।
2008ः कोलंबिया में विद्रोही गुट रेवल्यूशनरी आर्म्ड फोर्स ऑफ कोलंबिया का संस्थापक और शीर्ष कमांडर मारा गया।
2010ः भारतीय मूल की 59 वर्षीय कमला प्रसाद बिसेसर निवर्तमान प्रधानमंत्री पैट्रिक मैनिंग को पराजित कर त्रिनिदाद और टोबेगो की पहली महिला प्रधानमंत्री निर्वाचित हुईं।
2011ः द ओपरा विनफ्रे शो की अंतिम कड़ी का प्रसारण। सबसे लंबे समय तक प्रसारित हुए इस टेलीविजन कार्यक्रम ने ओपरा को अमेरिका की सबसे रईस और प्रभावी शख्सियत बना दिया।
2013ः जापान के 80 वर्षीय युइशिरो मिडरा ने सबसे अधिक उम्र में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने का रिकार्ड अपने नाम किया।
जन्म
1831ः प्रसिद्ध उर्दू शायर दाग देहलवी।
1886ः प्रख्यात वकील और शिक्षाविद रास बिहारी बोस।
निधन
1924ः बंगाल के ख्याति प्राप्त बैरिस्टर और शिक्षाविद सर आशुतोष मुखर्जी।
1933ः त्रिनिदाद और टोबैगो के पूर्व प्रधानमंत्री बासदियो पाण्डेय।
1998ः हिन्दी सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार लक्ष्मीकांत।
2020ः भारत के प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह।
2005ः फिल्म अभिनेता एवं राजनीतिज्ञ सुनील दत्त।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
